google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

ग्रेटर नोएडा में गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन समारोह, 126 मेधावी विद्यार्थियों और 25 शिक्षकों का हुआ सम्मान

भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा ने आयोजित किया वार्षिक सम्मान समारोह, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर दिया जोर

समाज जागरण संवाददाता

ग्रेटर नोएडा। भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा की ओर से शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को ग्रेटर नोएडा के सिग्मा-1 स्थित ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल के सभागार में ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन-2026’ वार्षिक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में 20 विद्यालयों के 25 उत्कृष्ट शिक्षकों और कक्षा 6 से 12 तक के 126 प्रतिभावान विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत संपर्क प्रमुख वेदपाल आर्य मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। वहीं भारत विकास परिषद के प्रांत अध्यक्ष कवित बंसल, प्रांत महासचिव मुक्ता अग्रवाल, अमर उजाला के ब्यूरो चीफ अतुल भारद्वाज, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, शारदा हॉस्पिटल के डॉ. विजय कुमार तथा आईबीएम के ग्लोबल सर्विस डिलीवरी लीडर डॉ. अजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह का शुभारंभ ग्रेड्स इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा संचारी भट्टाचार्य के कुशल संयोजन में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण गायन से हुआ। इसके बाद ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल और स्वप्निल एकेडमी के विद्यार्थियों ने नवनीता महेश के संयोजन में स्वागत गीत एवं आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती मंजू कौल रैना सहित विभिन्न विद्यालयों के चार प्रधानाचार्यों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘विशिष्ट शिक्षा सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 20 विद्यालयों के 25 शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके श्रेष्ठ शिक्षण कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 126 मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

भारत विकास परिषद की प्रांत महासचिव मुक्ता अग्रवाल ने ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए गुरु और शिष्य के बीच सम्मान एवं संस्कार के संबंध को महत्वपूर्ण बताया। प्रांत अध्यक्ष कवित बंसल ने परिषद की विभिन्न सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाते हुए नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने की शपथ दिलाई।

मुख्य वक्ता वेदपाल आर्य ने अपने प्रेरक संबोधन में स्वामी विवेकानंद के जीवन प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों को लक्ष्य, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। उन्होंने भारतीय शिक्षा व्यवस्था और संस्कृति पर औपनिवेशिक शासन के प्रभाव का उल्लेख करते हुए मैकाले की शिक्षा नीति पर भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि योग्य, समझदार और राष्ट्रभक्त नागरिक बनना होना चाहिए। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में जो भी कार्य करें, उसे उत्कृष्ट स्तर तक पहुंचाने का प्रयास करें। राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

अतुल भारद्वाज ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का सकारात्मक और विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के दौर में विद्यार्थियों को नई संभावनाओं के लिए खुद को तैयार करना चाहिए। वहीं विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू कौल ने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन के साथ उसे प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रोफेसर विवेक कुमार ने आयोजन के उद्देश्यों की जानकारी दी तथा मंच संचालन किया। भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष विवेक अरोरा और विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू कौल ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. सुरभि तनेजा का विशेष योगदान रहा।

इस अवसर पर भारत विकास परिषद विवेकानंद शाखा के पदाधिकारी राजेश बिहारी, राजेंद्र सोनी, राकेश रिखी, पदमा वर्मा, नीरज कौशिक, राजीव जैन, माया, निर्मल, प्रेरणा और राज जैन सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)