शोकाकुल परिवार से मिलकर बंधाया ढांढस, कहा—मां का निधन जीवन की सबसे बड़ी क्षति
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की पट्टी तहसील के ग्राम ढांढर निवासी वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण तिवारी एवं समाजसेवी प्रदीप तिवारी की माता पुष्पा देवी के निधन पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पट्टी के पूर्व विधायक राजेंद्र प्रताप सिंह (मोती सिंह) ने शोक व्यक्त किया। वह ग्राम ढांढर स्थित आवास पर पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
इस दौरान भाजपा मीडिया प्रभारी विनोद पांडे, पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाल बहादुर सरोज सहित अन्य भाजपा नेताओं ने भी पुष्पा देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मां का जाना जीवन की सबसे बड़ी क्षति : मोती सिंह
पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मां का जाना जीवन की सबसे बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। मां केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि परिवार की नींव और संस्कारों की जननी होती है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में भाजपा परिवार पत्रकार प्रवीण तिवारी और उनके परिजनों के साथ खड़ा है। उन्होंने परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति मिलने की कामना की।
विनोद पांडे ने भी व्यक्त की संवेदना
भाजपा मीडिया प्रभारी विनोद पांडे ने कहा कि मां का असमय निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि दिवंगत माता के बताए मार्ग पर चलना और उनके संस्कारों को जीवन में अपनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
भरा-पूरा परिवार छोड़ गईं पुष्पा देवी
दिवंगत पुष्पा देवी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। परिवार में उनके बड़े पुत्र संजय तिवारी, पुत्री रीनू शुक्ला, संदीप तिवारी, प्रदीप तिवारी और प्रवीण तिवारी सहित नाती प्रिंस तिवारी, शिवांश तिवारी, प्रेम तिवारी, पवन तिवारी और अनूप तिवारी समेत अन्य परिजन हैं।
पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा नेताओं के पहुंचने पर शोकाकुल परिवार ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



