रेड क्रास ने दिया जरुरतमंदों एवं असहायों को क्रिसमस का तोहफा

शशिकांत ओझा, ब्यूरो चीफ, समाज जागरण

बलिया : बढ़ते ठंढ़ एवं गलन को देखते हुए जिलाधिकारी/ अध्यक्ष इण्डियन रेड क्रास सोसायटी बलिया सौम्या अग्रवाल के निर्देशन के क्रम में रविवार को अपर मुख्य चिकित्साधिकारी/सचिव इण्डियन रेड क्रास सोसायटी बलिया डॉ आनंद कुमार के कुशल नेतृत्व में रेड क्रास टीम के साथ रात्रि 12 बजे भ्रमण कर बालेश्वर मंदिर, मालगोदाम रोड एवं हनुमान गढ़ी मंदिर पर असहायों एवं जरुरतमंदों में कंबल का वितरण किया गया।
कंबल वितरण के दौरान डॉ आनंद ने कहा कि रेडक्रास टीम लगातार ही रात्रि भ्रमण कर जरुरतमंदों एवं असहायों की मदद कर रही है, इस संस्था का एक ही मकसद है। पीड़ित मानवता की सेवा करना और दूसरों को इसके लिये प्रोत्साहित करना। कहा कि वास्तव में मानव कल्याण ही सबसे बड़ी सेवा है और जरूरतमंदों की सहायता के लिए हम सभी को सोचना चाहिए। इस ठंढ़ में कंबल मिलते ही जरुरतमंदों के चेहरे खुशी से खिल उठे, कंबल मिलते ही सुनीता कुमारी सुपुत्री स्व त्रिवेणी साह सागरपाली ने बताया कि पिछले दिनों जिस दिन कड़ाके की ठंढ़ और गलन थी उस दिन रात में ये सभी लोग आए थे, हम सभी लोगों के पास कोई कंबल नहीं था। हम सभी लोगों के पास जो भी संसाधन था उससे अपना तन ढके थे तथा कुछ प्लास्टिक के बोरे व चट ओढ़कर सोये हुए थे ठंढ़ बहुत लग रही थी तभी ये लोग आए और आश्वासन दिया कि संस्था के द्वारा आप लोगों को कंबल वितरण किया जाएगा। उसी के क्रम में कंबल का वितरण किया गया है। हम सभी लोग कंबल पाकर बहुत खुश हैं। इसी क्रम में रिक्शा चालक अमर नाथ पांडेय ने बताया कि हम लोगों के पास कोई घर नहीं है, मैं और मेरी मां मालगोदाम गेट के पास खुली आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं, कंबल पाकर हमलोग बहुत खुश हैं, संस्था के लोगों को धन्यवाद देते हैं जो इस ठंढ़ रात में घूमकर जरुरतमंदों की मदद कर रहे हैं। इस अवसर पर जिला समन्वयक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, डॉ पंकज ओझा, सरदार सुरेन्द्र सिंह खालसा, सरदार जितेन्द्र सिंह, अनिल कुमार आदि सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।