संभल | बबराला थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे हादसे का शिकार हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई, जबकि बेटा प्राथमिक उपचार के बाद घर लौट आया।

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के गांव कैल की मढ़ैया निवासी योगेश अपनी 50 वर्षीय मां सत्यवती को बबराला नगर से दवा दिलाकर बाइक से घर वापस ले जा रहा था। दोपहर करीब 12:40 बजे गांव कैल के पास हाईवे पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने दोनों को तत्काल निजी वाहन से बबराला के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सत्यवती की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं योगेश का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे घर भेज दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में परिजन महिला के शव को थाने लेकर पहुंचे, जहां पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला की मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस फरार बस चालक की तलाश के साथ ही मामले की जांच में जुटी हुई है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



