समाज जागरण रंजीत तिवारी
वाराणसी।।
जनपद वाराणसी के पिस्सौर दनियालपुर, शिवपुर में परिवहन विभाग, वाराणसी द्वारा भारत विकास परिषद (बी.वी.पी.) सृजन शाखा के सहयोग से ग्रामीण सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कंबल वितरण के साथ-साथ सड़क सुरक्षा का संदेश भी ग्रामीणों तक पहुँचाया गया।परिवहन विभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए सुधांशु रंजन, ए.आर.टी.ओ. (प्रवर्तन), वाराणसी ने ग्रामीणजनों को सड़क दुर्घटनाओं की गंभीरता से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि भारत में औसतन हर 1 मिनट में एक दुर्घटना तथा हर 3.5 मिनट में एक व्यक्ति की मृत्यु सड़क दुर्घटना के कारण होती है। इसी प्रकार वाराणसी में प्रतिदिन औसतन 2 दुर्घटनाएँ और 1 मृत्यु सड़क हादसों के कारण होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकांश दुर्घटनाएँ और मौतें मानवीय भूल या यातायात नियमों के उल्लंघन से होती हैं, जिन्हें प्रारम्भ में ही पूरी तरह रोका जा सकता है।
कार्यक्रम में दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाना, गलत लेन परिवर्तन, जोखिमपूर्ण ओवरटेकिंग, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग तथा नशे में वाहन चलाना पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही दुर्घटना के बाद अस्पताल पहुँचाने में देरी, दोपहिया वाहन पर चालक व पीछे बैठने वाले द्वारा हेलमेट न पहनना तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग न करने से होने वाली घातकता के बारे में भी जागरूक किया गया।श्री रंजन ने राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना पीड़ित की सहायता करने वाले किसी भी व्यक्ति को ₹25,000 का पुरस्कार दिया जाता है और इसमें किसी प्रकार की पुलिस या प्रक्रियात्मक जटिलता नहीं होती। उन्होंने बताया कि वाराणसी से 10 व्यक्तियों को इस योजना के अंतर्गत पुरस्कार मिल चुका है और अधिक से अधिक लोगों से आगे आकर पीड़ितों की मदद करने का आह्वान किया।कार्यक्रम का आयोजन श्रीमती शशि श्रीवास्तव एवं अजीत (प्रांतीय अध्यक्ष), भारत विकास परिषद सृजन शाखा के सहयोग से किया गया। समापन अवसर पर ग्रामीण महिलाओं ने शपथ ली कि वे अपने परिवार के सभी सदस्यों को यातायात नियमों का पालन कराने हेतु प्रेरित करेंगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



