रामघाट से दावत खाकर बाइक से लौट रहे थे दोनों युवक, रास्ते में तोड़ा दम; गांव में पसरा मातम
दैनिक समाज जागरण | राज यादव
गुन्नौर (संभल)। आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर रसूलपुर गांव के पास बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों युवक बुलंदशहर जिले के रामघाट से दावत खाकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
अस्पताल पहुंचने पर एक की मौत, दूसरे ने रास्ते में तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, बिजेंद्र (38) पुत्र राजवीर अपने दोस्त रामनिवास (29) के साथ रामघाट से दावत खाकर लौट रहे थे। बुधवार रात करीब 11 बजे रसूलपुर गांव के पास उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बिजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रामनिवास की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
दोनों दोस्तों की असमय मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बिजेंद्र की पत्नी शारदा, बेटी दीक्षा और बेटे अर्पित व अनुज का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, रामनिवास की पत्नी सुनीता, बेटी प्रज्ञा और बेटे पिस्सू भी इस दुखद घटना से सदमे में हैं।
एक ही हादसे में दो युवकों की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का करुण क्रंदन हर किसी को झकझोर रहा है।
हाईवे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले खतरों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



