दैनिक समाज जागरण 14.07.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुरड
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक एवं मानगो नगर निगम बोर्ड के पदेन सदस्य सरयू राय ने मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए अपर नगर आयुक्त को पत्र लिखकर निगम बोर्ड की बैठक शीघ्र बुलाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि नगर निगम प्रशासन नगर निगम अधिनियम के प्रावधानों का पालन नहीं कर रहा है, जिससे विकास एवं प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
अपने पत्र में विधायक सरयू राय ने उल्लेख किया है कि मानगो नगर निगम बोर्ड की पहली बैठक 16 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी, जिसकी सूचना उन्हें बोर्ड के पदेन सदस्य के रूप में दी गई थी और उन्होंने उसमें भाग भी लिया था। हालांकि, उस बैठक के बाद अब तक दूसरी बैठक आयोजित नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि पहली बैठक के बाद तीन महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन नगर निगम प्रशासन की ओर से अगली बैठक बुलाने की दिशा में कोई पहल नहीं की गई है।
सरयू राय ने पत्र में स्पष्ट रूप से कहा है कि नगरपालिका अधिनियम के अनुसार नगर निगम बोर्ड की बैठक प्रत्येक माह कम-से-कम एक बार आयोजित किया जाना अनिवार्य है। यह प्रावधान इसलिए बनाया गया है ताकि स्थानीय निकाय से जुड़े विकास कार्यों, योजनाओं और प्रशासनिक मामलों की नियमित समीक्षा हो सके तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर समय पर निर्णय लिए जा सकें। इसके बावजूद लगातार बैठक नहीं होना नियमों और कानून की अनदेखी को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि बोर्ड की बैठक नहीं होने के कारण नगर निगम क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं विकासात्मक निर्णय लंबित पड़े हुए हैं। इससे न केवल योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी हो रही है, बल्कि जनता से जुड़े कई आवश्यक मामलों पर भी समय पर निर्णय नहीं लिए जा पा रहे हैं। मानगो जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्र में नियमित बोर्ड बैठक का आयोजन अत्यंत आवश्यक है।
विधायक ने यह भी बताया कि 16 अप्रैल को आयोजित पहली बोर्ड बैठक की कार्यवाही (मिनट्स) की प्रति भी अब तक उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई है। जबकि वे निगम बोर्ड के पदेन सदस्य हैं और नियमों के अनुसार उन्हें बैठक की कार्यवाही की प्रति उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने इसे प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही के दृष्टिकोण से गंभीर विषय बताया है।
सरयू राय ने अपर नगर आयुक्त से मांग की है कि पहली बैठक की कार्यवाही की प्रति उन्हें अविलंब उपलब्ध कराई जाए। साथ ही मानगो नगर निगम बोर्ड की अगली बैठक तत्काल आहूत की जाए, ताकि नगर निगम क्षेत्र के विकास, आधारभूत सुविधाओं, जन समस्याओं और लंबित प्रस्तावों पर नियमानुसार विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की नियमित बैठकों का आयोजन लोकतांत्रिक व्यवस्था और स्थानीय स्वशासन की मूल भावना के अनुरूप है। ऐसे में नियमों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि जनता के हितों की रक्षा के साथ-साथ विकास कार्यों को भी गति मिल सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



