google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

*प्रसिद्ध शारदा शक्ति मंदिर में चोरी की वारदात से हड़कंप, लड्डू गोपाल की मूर्ति और चांदी की बांसुरी ले उड़े चोर*



समाज जागरण/ मनोज कुमार चौबे

ओबरा/ सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के हंस वाहिनी नगर स्थित प्रसिद्ध मां शारदा शक्ति मंदिर में चोरों ने ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के मुख्य गेट और गर्भगृह के ताले तोड़कर अंदर घुसे और गोविंद भगवान के गर्भगृह से करीब 35 से 40 वर्ष पुरानी पीतल की लड्डू गोपाल की मूर्ति तथा चांदी की बांसुरी चोरी कर ले गए। शनिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर मंदिर समिति के सदस्यों में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने पर ओबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मंदिर समिति से जुड़े सदस्य उमाशंकर अग्रहरि ने बताया कि शुक्रवार रात करीब नौ से दस बजे के बीच मंदिर के गर्भगृह और मुख्य गेट को बंद कर सेवादार अपने घर चले गए थे। शनिवार सुबह करीब पौने पांच बजे जब सेवादार मंदिर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। इसकी जानकारी मिलने पर वह अपने बड़े भाई प्रदीप के साथ मौके पर पहुंचे। मंदिर के अंदर जाने पर गर्भगृह के ताले भी टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।

उमाशंकर अग्रहरि के मुताबिक, गोविंद भगवान के गर्भगृह से पीतल की पुरानी लड्डू गोपाल की मूर्ति और चांदी की बांसुरी गायब मिली। वहीं, माता रानी के गर्भगृह का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया गया, लेकिन चोर इसमें सफल नहीं हो सके। छत की ओर खुलने वाला दरवाजा भी टूटा हुआ मिला। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में रात करीब 12 बजकर 42 मिनट पर दो संदिग्ध गर्भगृह का ताला तोड़ते दिखाई देने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी फैलते ही मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।

मुख्य चौराहे और पुलिस बूथ के नजदीक स्थित मंदिर में चोरी होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। मंदिर समिति ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। इस घटना ने ओबरा क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)