*सेक्टर-62 में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, देर रात तक डांडिया की धूम; हजारों लोगों ने लिया उत्सव में भाग**
**समाज जागरण संवाददाता | नोएडा।**
श्रीराम मित्र मंडल नोएडा रामलीला समिति की ओर से सेक्टर-62 स्थित रामलीला मैदान में आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव-2026 का समापन श्रीराम-भरत मिलाप, भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक और भव्य डांडिया नृत्य के साथ हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन रामलीला मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शहर के गणमान्य लोग पहुंचे। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति, उल्लास और उत्सव का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ आयोजन समिति के चेयरमैन उमाशंकर गर्ग, अध्यक्ष धर्मपाल गोयल और महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए रामलीला के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले नोएडा प्राधिकरण, जनस्वास्थ्य विभाग, जल विभाग, विद्युत विभाग, अग्निशमन विभाग, नोएडा पुलिस, यातायात विभाग तथा स्थानीय मीडिया के प्रतिनिधियों सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
### श्रीराम-भरत मिलाप के भावुक दृश्य ने जीता दिल
रामलीला में रावण वध और चौदह वर्ष का वनवास पूरा करने के बाद भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन का भावपूर्ण मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम के आगमन की खबर सुनकर अवधवासी खुशी से झूम उठे। भगवान श्रीराम और भरत के मिलाप का दृश्य भावुक कर देने वाला रहा। दोनों भाइयों के गले मिलते ही पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
इसके बाद राजदरबार में मंगलाचरण, गीत-संगीत और वैदिक परंपराओं के अनुरूप भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम के राजतिलक के साथ अयोध्या में खुशियों का वातावरण जीवंत हो उठा। इस प्रसंग ने मर्यादा, त्याग, भाईचारे और आदर्श शासन का संदेश दिया।
### देर रात तक डांडिया नृत्य की धूम
रामलीला मंचन के बाद डांडिया नृत्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। संगीता गोयल, सोनिया गोयल, ज्योति गोयल, सुप्रीना अग्रवाल, मनीषा गोयल, युक्ति गर्ग, सुनीता गुप्ता, सोनिया गर्ग और सलोनी गर्ग सहित अन्य सदस्यों के संयोजन में हुए इस कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और समिति के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महिलाओं ने बड़े घेरे में सामूहिक डांडिया नृत्य किया, जबकि महिलाओं और बच्चों के अलग-अलग समूह भी संगीत की धुन पर थिरकते नजर आए। देर रात तक चले इस कार्यक्रम ने श्रीरामलीला महोत्सव के समापन को यादगार बना दिया।
समिति के अध्यक्ष धर्मपाल गोयल ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं, सहयोगियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार गर्ग, कोषाध्यक्ष राजेंद्र गर्ग, सहकोषाध्यक्ष अनिल गोयल, सलाहकार मनोज शर्मा, मुकेश गोयल, मुकेश अग्रवाल, मीडिया प्रभारी मुकेश गुप्ता, गिरिराज बहेड़िया, चक्रपाणि गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यनारायण गोयल, चौधरी रवींद्र सिंह, गौरव मेहरोत्रा, दयाशंकर तिवारी, तरुणराज, पवन गोयल, बजरंग लाल गुप्ता, एस.एम. गुप्ता, अनंत वर्मा, राजेश माथुर, भानुप्रताप सिंह, साहिल चौधरी, नवीन पोरवाल, अर्जुन अरोड़ा, आर.के. उप्रेती, बाबूराम शर्मा, संतोष त्रिपाठी, दिनेश मित्तल, मनीष चौहान, रामकुमार शर्मा, बी.के. राय, नरेंद्र आर्य और योगेश श्रीवास्तव सहित समिति के सदस्य तथा शहर के हजारों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
**श्रीराम मित्र मंडल नोएडा रामलीला समिति, नोएडा।**


Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



