google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

अज्ञात वाहन की टक्कर से मामा की मौत, भांजा गंभीर; वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर

बभनी के नधिरा-बखरिहवां मार्ग पर देर रात हादसा, 21 वर्षीय युवक की मौत से परिवार में मचा कोहराम

समाज जागरण / संतोष कुमार

बभनी, सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के नधिरा-बखरिहवां मार्ग पर निमहवा पहरी के पास शुक्रवार की देर रात करीब एक बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मामा-भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां 21 वर्षीय धानू को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि उसके 18 वर्षीय भांजे राहुल की गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

भांजे को छोड़ने जा रहा था युवक, रास्ते में हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, नधिरा के सवाकुंड निवासी विनोद कुमार का पुत्र धानू अपने भांजे राहुल, पुत्र गोला निवासी अंजानी, को बाइक से छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान नधिरा-बखरिहवां मार्ग पर निमहवा पहरी के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस

हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस की पीआरवी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया।

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने धानू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राहुल की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

युवक की मौत से परिवार में मचा कोहराम

धानू की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना नधिरा निवासी राजाराम और सुजीत कुमार ने दी।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे में टक्कर मारने वाले वाहन के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)