google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

बोरिंग के छह माह बाद भी नहीं लगा समरसेबल पंप, शौच के लिए खेतों में जाने को मजबूर बच्चे

प्राथमिक विद्यालय बरवाटोला में पेयजल और शौचालय की व्यवस्था प्रभावित, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार

समाज जागरण / संतोष कुमार

बभनी, सोनभद्र। विकासखंड बभनी की ग्राम पंचायत बरवाटोला ‘क’ स्थित प्राथमिक विद्यालय बरवाटोला में बोरिंग होने के छह माह बाद भी समरसेबल पंप नहीं लगाया गया है। इसके कारण विद्यालय में पेयजल आपूर्ति और शौचालय की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इस मामले में संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिलाधिकारी से समस्या के समाधान की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय परिसर में अप्रैल माह में बोरिंग कराई गई थी, लेकिन छह माह बीतने के बाद भी उसमें समरसेबल पंप नहीं लगाया गया। विद्यालय में एक हैंडपंप मौजूद है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि उसका पानी भी ठीक नहीं है। ऐसे में विद्यार्थियों को पेयजल के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है।

शौचालय में पानी नहीं, खेतों में जाने को मजबूर बच्चे

विद्यालय के शौचालय में पानी की आपूर्ति नहीं होने से उसकी नियमित सफाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार, शौचालय का उपयोग करने के लिए पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण बच्चों को शौच के लिए बाहर खेतों में जाना पड़ रहा है। इससे बच्चों की स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में बोरिंग कराने के बाद समरसेबल पंप नहीं लगाया जाना समझ से परे है। जब तक पंप लगाकर पानी की आपूर्ति शुरू नहीं की जाती, तब तक विद्यालय में पेयजल और शौचालय संबंधी समस्याओं का समाधान संभव नहीं है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार

विद्यालय में पेयजल की समस्या को लेकर जितेंद्र, देव सिंह, मनराज, जान कांशीराम, जगसाय, जबरन सिंह, रामू, मेरशाय, सिकंदर, रामधनी सहित अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि विद्यालय की बोरिंग में जल्द से जल्द समरसेबल पंप लगवाया जाए, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके और शौचालय में भी पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

एक-दो दिन में पंप लगाने का आश्वासन

इस संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी राज बहादुर सिंह ने बताया कि एक-दो दिन में विद्यालय की बोरिंग में समरसेबल पंप लगा दिया जाएगा और पानी की आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।

अब देखना यह है कि संबंधित विभाग अपने आश्वासन के अनुरूप कितनी जल्दी पंप लगवाकर विद्यालय में पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुचारु करता है। फिलहाल, विद्यालय के बच्चों और ग्रामीणों को समस्या के स्थायी समाधान का इंतजार है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)