google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

कार-टेंपो की भीषण टक्कर में तीसरे घायल की भी मौत, विजयादशमी का मेला देखने जा रहे थे मृतक

नधिरा जंगल के मोड़ पर हुआ हादसा, 12 वर्षीय अंकुश और 23 वर्षीय राजकुमारी की मौके पर गई थी जान

सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र में रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर मंगलवार शाम कार और टेंपो की भीषण टक्कर में घायल टेंपो चालक की भी मौत हो गई। हादसे में इससे पहले दो लोगों की मौके पर ही जान चली गई थी। इस तरह दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई।

विजयादशमी का मेला देखने जा रहे थे टेंपो सवार

जानकारी के अनुसार, टेंपो में सवार लोग धरतीडाड़ और नधिरा से किरविल में विजयादशमी का मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान नधिरा जंगल के मोड़ के पास सामने से आ रही कार से टेंपो की टक्कर हो गई। बताया गया कि कार वाराणसी से छत्तीसगढ़ और ओडिशा की ओर जा रही थी।

हादसा इतना गंभीर था कि नधिरा निवासी 12 वर्षीय अंकुश और 23 वर्षीय राजकुमारी की मौके पर ही मौत हो गई।

अस्पताल ले जाते समय टेंपो चालक ने तोड़ा दम

दुर्घटना में टेंपो चालक सुनील कुमार गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

हालांकि, मंगलवार देर रात जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही सुनील कुमार गुप्ता की मौत हो गई। इसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

बभनी थाना प्रभारी अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों के शव पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिए गए हैं। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)