•~ वसूली कार्य मे लगे अधिकारियों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल मुहैया कराने के निर्देश
समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता
सोनभद्र। सहकारिता विभाग की वसूली की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बकाया वसूली के लिए साइटेशन, कुर्की, नीलामी, वारंट, गिरफ्तारी आदि की कार्रवाई विशेष प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए।
सहकारी वसूली मे गति प्रदान करने हेतु उत्तर प्रदेश सहकारी समिति अधिनियम 1965 की धारा 95 क के सुसंगत प्रावधानो तथा धारा 92 ख के अंतर्गत कुर्की एवं नीलामी की कार्रवाई के बावजूद जनपद स्तर पर वसूली प्रगति लक्ष्यानुरूप न होने को जिलाधिकारी द्वारा गंभीरता से लिया गया।
जिलाधिकारी ने बड़े बकायेदारों के विरूद्ध वसूली के दौरान किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए वसूली मे लगे शाखा प्रबंधको और अधिकारियो को मांग के आधार पर पर्याप्त पुलिस बल मुहैया कराने के भी निर्देश दिए। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सोनभद्र देवेंद्र कुमार सिंह ने सभी बीपैक्स सचिवो, शाखा प्रबंधको, एडीओ तथा एडीसीओ को वसूली मे प्रतिदिन भ्रमण करके तेजी लाने के निर्देश दिये है ।
उन्होने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा समय समय पर सहकारी देयो की वसूली और कार्यवाहियो की समीक्षा की जाएगी। सहायक आयुक्त ने कहा कि इस खरीफ अभियान मे उर्वरक की कहीं कोई समस्या या शिकायत न हो ,इसके लिए सभी बीपैक्स सचिव ईमानदारी और पारदर्शिता का समुचित ध्यान देंगे। यदि कोई लापरवाही या अनियमितता संज्ञान मे आती है तो दोषी के विरूद्ध कठोर कार्रवाई अमल मे लाई जाएगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



