समाज जागरण/ विजय कुमार अग्रहरी
सोनभद्र। पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के नमो घाट पर बाउंसरों के कथित हमले में हुई युवक राजेश जायसवाल उर्फ चिंटू की मौत के मामले में राष्ट्रवादी सहस्त्रबाहु मंच का एक प्रतिनिधिमंडल RSM के प्रदेश अध्यक्ष विकास जायसवाल के नेतृत्व में सोनभद्र के खलियारी गांव पहुंचा और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। मृतक राजेश जायसवाल उर्फ चिंटू (18) पुत्र बद्रीनारायण जायसवाल, निवासी खलियारी, थाना रायपुर, जनपद सोनभद्र, अपने चार साथियों के साथ वाराणसी घूमने गया था। परिजनों के अनुसार नमो घाट पर एक निजी सुरक्षा गार्ड से कहासुनी के बाद गार्ड ने अपने साथियों और बाउंसरों को बुला लिया, जिन्होंने युवकों पर हमला कर दिया। इस दौरान चिंटू गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। परिवार के मुताबिक घटना में 10 से 12 लोगों की संलिप्तता थी, लेकिन अब तक केवल चार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया कि अभी तक उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक सहायता भी नहीं मिली है। राष्ट्रवादी सहस्त्रबाहु मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीतेश जायसवाल के निर्देश पर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष विकास जायसवाल, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अवधेश जायसवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजीत जायसवाल, राष्ट्रीय महासचिव संजय जायसवाल और राष्ट्रीय महासचिव एवं सभासद रमेश जायसवाल शामिल रहे। इस दौरान खलियारी के ग्राम प्रधान प्रदीप जायसवाल, ओम प्रकाश जायसवाल समेत कई प्रांतीय और जिला पदाधिकारी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। घटना में घायल 20 वर्षीय अक्षय कुमार ने बताया कि चिंटू पर लगातार हमला होते देख उसने उसे बचाने का प्रयास किया और उसके ऊपर लेट गया ताकि उसे और चोट न पहुंचे, लेकिन हमलावर लगातार वार करते रहे। इस दौरान अक्षय भी घायल हो गया। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है। रमेश जायसवाल ने कहा कि मृतक चिंटू उर्फ राजेश अपने परिवार का मुख्य सहारा था और सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। वही प्रदेश अध्यक्ष विकास जायसवाल ने कहा कि समाज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और 50 लाख रुपये मुआवजा दिलाने का प्रयास करेगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही मंत्री रविंद्र जायसवाल से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा और परिवार को न्याय व सहायता दिलाने की मांग की जाएगी। जायसवाल समाज के पदाधिकारी लगातार पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा सरकारी मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



