दो सदस्यीय जांच टीम ने अस्पताल पहुंचकर खंगाले इलाज से जुड़े दस्तावेज, डॉक्टर का बयान भी दर्ज
जिला ब्यूरो चीफ/समाज जागरण
सोनभद्र। जिले के निजी अस्पतालों में इलाज के दौरान महिला और बच्ची की मौत के मामलों को लेकर जिला प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। परिजनों की ओर से इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए जाने के बाद जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मामले का संज्ञान लेते हुए दो सदस्यीय जांच टीम गठित की है। टीम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को शामिल किया गया है। दोनों अधिकारियों को दो दिन के भीतर जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में शनिवार को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) और मुख्य चिकित्सा अधिकारी घोरावल स्थित नेशनल हॉस्पिटल, धर्मशाला रोड पहुंचे। अधिकारियों ने बच्ची की मौत से जुड़े मामले की मौके पर जांच शुरू की और अस्पताल में इलाज से संबंधित रिकॉर्ड एवं अन्य दस्तावेजों की पड़ताल की।
जांच के दौरान अधिकारियों ने आवश्यक रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने के लिए अस्पताल के रिकॉर्ड रूम को सील कर दिया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टर का बयान भी दर्ज किया गया। अधिकारियों की टीम इलाज से जुड़े दस्तावेजों, मेडिकल रिकॉर्ड और मामले से संबंधित अन्य तथ्यों की बारीकी से जांच कर रही है।
वहीं महिला की मौत से जुड़े मामले में भी उपलब्ध तथ्यों और रिकॉर्ड के आधार पर जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से दोनों मामलों की जांच निष्पक्ष एवं तथ्यों के आधार पर किए जाने की बात कही गई है।
जांच टीम द्वारा अस्पताल से प्राप्त रिकॉर्ड और अन्य तथ्यों का परीक्षण करने के बाद अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को निर्धारित समय सीमा में सौंपे जाने की उम्मीद है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद निजी अस्पतालों में इलाज के दौरान हुई मौत के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और जांच प्रक्रिया पर भी लोगों की नजर बनी हुई है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



