google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

गांव-गांव पहुंचेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, खगड़ा मेला परिसर का होगा विस्तार

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, केंद्र की योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को जोड़ने पर जोर

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो
किशनगंज, 05 सितंबर।

धर्मगंज माझिया रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय में शनिवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल तथा भाजपा प्रदेश मंत्री सीमा झा मुख्य रूप से मौजूद रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद वंदे मातरम् गीत के साथ कार्यशाला का शुभारंभ हुआ।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे बिहार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान के तहत नुक्कड़ सभा, बैठक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को जिले के प्रमुख स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीपक’ जलाया जाएगा। अभियान के दौरान कुल 13 कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। कार्यशाला में प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों के संचालन और अभियान की रूपरेखा के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।

खगड़ा मेला परिसर के विस्तार पर जोर

मंत्री डॉ. जायसवाल ने किशनगंज के विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि खगड़ा मेला परिसर के विस्तार और विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मेला क्षेत्र का दायरा बढ़ाने के साथ परिसर को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके लिए परिसर में चारदीवारी निर्माण की योजना भी प्रस्तावित है।

उन्होंने किशनगंज में आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण की भी जानकारी दी। कला एवं संस्कृति विभाग की योजना के तहत खगड़ा मेला परिसर के एक हिस्से में आधुनिक सभागार विकसित किए जाने की बात कही गई। ऑडिटोरियम के निर्माण से जिले में सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए आधुनिक मंच उपलब्ध हो सकेगा।

मंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से किशनगंज की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और जिले के विकास को नई गति मिलेगी। परियोजनाओं से संबंधित भूमि एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

भाजपा प्रदेश मंत्री सीमा झा ने कार्यकर्ताओं से सेवा और समर्पण की भावना के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर बिहार सरकार अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह, जिला प्रभारी राजकुमार राय, जिला उपाध्यक्ष शिशिर कुमार दास, हरिराम अग्रवाल, बिजली सिंह, कार्यक्रम प्रभारी ज्योति कुमार सोनू, जिला महामंत्री पंकज कुमार साहा, मनीष सिन्हा, कौशल झा, अरविंद मंडल, राजेश गुप्ता, कौशल यादव, अजीत दास, सुबोध माहेश्वरी, गौरव गुप्ता, सोनी देवी, लखवीर कोर, दुर्गा स्वर्णकार और लता मोदी, पुष्पांजलि देवी सहित कार्यशाला टोली के सदस्य, सभी मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्री मौजूद रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)