निवासियों का आरोप— बार-बार शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, सुरक्षा और फायर सेफ्टी को लेकर जताई चिंता
ग्रेटर नोएडा, 5 जुलाई। ग्रेटर नोएडा स्थित सुपरटेक अपकंट्री सोसाइटी के निवासियों ने रिहायशी परिसर में कथित रूप से संचालित अवैध हॉस्टलों, कमर्शियल गतिविधियों और अन्य कानून-विरुद्ध गतिविधियों को लेकर प्रशासन, बिल्डर और मेंटेनेंस प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिस सोसाइटी का निर्माण परिवारों के सुरक्षित आवास के लिए किया गया था, वहां अब रिहायशी माहौल प्रभावित हो रहा है।

निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी में कथित अवैध हॉस्टलों के संचालन से सुरक्षा व्यवस्था, फायर सेफ्टी, बिजली आपूर्ति, लिफ्ट संचालन और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई गंभीर मुद्दे उत्पन्न हो रहे हैं। उनका कहना है कि इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर भी असर पड़ रहा है।
सोसाइटी के लोगों का दावा है कि इस संबंध में कई बार शिकायतें और नोटिस संबंधित विभागों को दिए गए, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने प्रशासन, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, फायर विभाग, बिल्डर और मेंटेनेंस प्रबंधन से मांग की है कि कथित अवैध हॉस्टलों और नियमों के विरुद्ध संचालित गतिविधियों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा सोसाइटी को उसकी मूल रिहायशी प्रकृति के अनुरूप संचालित कराया जाए।
निवासियों का कहना है कि यदि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होती है तो जिम्मेदार विभागों और अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े होंगे। उनका कहना है कि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं होने पर भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
(नोट: यह खबर सोसाइटी निवासियों द्वारा लगाए गए आरोपों और उनकी मांगों पर आधारित है। संबंधित प्रशासन, बिल्डर एवं अन्य पक्षों की आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर समाचार को अपडेट किया जाएगा।)



