वर्ष 2020 में लगाया गया बिजली का खंभा, लेकिन नहीं बिछाई गई तार; ग्रामीणों ने विभाग से जल्द विद्युतीकरण कराने की उठाई मांग
समाज जागरण/अनिल कुमार अग्रहरी
डाला/सोनभद्र। जिले की कोटा ग्राम पंचायत के टोला तेलगुडवा पश्चिमी में विद्युतीकरण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ग्रामीण पानी की टंकी के पास एकत्र हुए और गांव में बिजली की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि टोले में करीब 400 घरों की आबादी होने के बावजूद अब तक बिजली नहीं पहुंची है। इसके कारण लोगों को लंबे समय से रात के समय अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में उन्हें रोजमर्रा की जिंदगी में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि कई वर्ष बीत जाने के बावजूद टोले में विद्युतीकरण का कार्य पूरा नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द बिजली पहुंचाने की मांग की।
पांच साल पहले लगा खंभा, अब तक नहीं पहुंचे तार
ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2020 में तेलगुडवा मार्ग पर सोनवा बैगा के घर के सामने विद्युतीकरण के लिए सीमेंट का बिजली खंभा लगाया गया था। हालांकि, खंभा लगाए जाने के बाद बिजली के तार नहीं बिछाए गए। ग्रामीणों ने बताया कि वहां से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित तेलगुडवा पश्चिमी टोले तक बिजली की सुविधा नहीं पहुंच सकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की ओर से कुछ घरों में मीटर भी लगाए गए थे, लेकिन बाद में उन्हें हटा लिया गया। इसके बाद भी टोले में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब विद्युतीकरण के लिए खंभे लगाए गए और मीटर भी लगाए गए, तो अब तक बिजली आपूर्ति की व्यवस्था क्यों नहीं हो पाई।
अंधेरे में रहने को मजबूर ग्रामीण
ग्रामीणों के मुताबिक, टोले में लगभग 400 घर हैं, लेकिन बिजली की सुविधा नहीं मिलने से लोगों को रात में अंधेरे का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि बिजली उपलब्ध होने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्यों और अन्य जरूरी गतिविधियों में सहूलियत मिलेगी।
प्रदर्शन में शामिल रामदास गोंड, सोनू गुप्ता, राजकुमार, बुधरजिया देवी, राजकुमारी, देव कुमार, मनोहर गुप्ता, राम मनोहर, शिवप्रसाद, चंपा देवी, भभूति देवी, गीता देवी, मंगरु, दिनेश कुमार, फुलवंती, अंजू देवी और भोला प्रसाद सहित अन्य ग्रामीणों ने जल्द विद्युतीकरण कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर तेलगुडवा पश्चिमी में बिजली के खंभे, तार और विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था पूरी कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि विभाग इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



