विंध्य महोत्सव के मंच पर विभिन्न प्रांतों एवं स्थानीय कलाकारों ने दी आकर्षक प्रस्तुतियां
विंध्याचल केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि संस्कृति और कला की धरती भी है — रत्नाकर मिश्र
समाज जागरण
मीरजापुर /विंध्य क्षेत्र की संस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पटल पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से मां विंध्यवासिनी देवी धाम, विंध्याचल में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित नौ दिवसीय विंध्य महोत्सव का आगाज नवरात्र के प्रथम दिन किया गया। विंध्य महोत्सव एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, लखनऊ/मीरजापुर द्वारा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित लगाई गई विकास प्रदर्शनी का मा० विधायक नगर रत्नाकर मिश्र एवं मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर, देवी के चित्र पर माल्यार्पण तथा प्रदर्शनी में फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। मा० विधायक नगर एवं उपस्थित अधिकारियों तथा श्रद्धालुओं ने विकास प्रदर्शनी का भ्रमण कर अवलोकन किया।
विंध्य महोत्सव में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं कलाकारों को संबोधित करते हुए मा० विधायक नगर ने कहा कि विंध्याचल केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि संस्कृति और कला की धरती भी है। मा० प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं यशस्वी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से शुरू हुआ यह विंध्य महोत्सव सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार विंध्य क्षेत्र के सर्वांगीण विकास एवं स्थानीय कलाकारों को एक बड़ा मंच प्रदान करने के लिए कटिबद्ध है। विंध्य कॉरिडोर के निर्माण से यहां के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को एक नई पहचान मिली है।
उन्होंने कहा कि विंध्य महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को एक बड़ा मंच मिलने से युवाओं को अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है। वहीं, देश के अन्य प्रदेशों से आने वाले कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद विंध्याचल आने वाले श्रद्धालुओं को भी प्राप्त होता है।
मा० विधायक नगर ने सूचना विभाग द्वारा लगाई गई भव्य विकास प्रदर्शनी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को फोटो चित्रों और मॉडलों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। यह प्रदर्शनी लोगों को सरकारी योजनाओं एवं कराए गए विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करने का प्रमुख माध्यम है। प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, एक जनपद एक उत्पाद, स्वास्थ्य योजनाओं सहित मीरजापुर में कराए गए विकास कार्यों, यथा विंध्य कॉरिडोर, गंगा घाटों का निर्माण, मेडिकल कॉलेज आदि को प्रदर्शित किया गया।
विंध्य महोत्सव के उद्घाटन के बाद सांस्कृतिक मंच पर स्थानीय कलाकारों के अलावा अन्य प्रदेशों से आए कलाकारों ने विंध्य की लोक संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। जालंधर, पंजाब से आए अनादि मिश्रा एवं उनकी टीम ने देवी गीत सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति देकर लोगों को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया। वहीं, मुंबई से पधारीं सुश्री रविंद्र खुराना ने देवी, गंगा एवं शिव भक्ति पर आधारित अनेक कथक नृत्य प्रस्तुत कर श्रोताओं को आकर्षित किया। प्रयागराज की सुश्री दिव्या ने कथक नृत्य प्रस्तुत कर अपनी कला का प्रदर्शन किया।
स्थानीय कलाकारों में लोकगायिका रानी सिंह, सूफिया बेगम, कल्पना गुप्ता, शांति निषाद एवं आनंद कुमार की गायन प्रस्तुतियों को लोगों ने खूब सराहा। वहीं, गणेश प्रसाद गुप्ता, संतोष कुमार एवं सूरज कुमार ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
विंध्य महोत्सव के मंच पर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों एवं उनकी टीम को मा० विधायक रत्नाकर मिश्र, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, अपर आयुक्त प्रशासन राज कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार ने मां विंध्यवासिनी का चित्र, चुनरी एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन संजय श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर जूही प्रसाद सहित अन्य अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित रहे।
विंध्य महोत्सव के मंच पर दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों में लखनऊ की पर्णिका श्रीवास्तव का कथक नृत्य, प्रयागराज के विकास मिश्रा के भजन तथा अंतरराष्ट्रीय लोकगीत गायिका उषा गुप्ता के देवी गीत एवं भजन शामिल हैं। इसके अलावा जनपद मीरजापुर के लोक गायक खोखा राम, पतालू यादव, रमापति पाल, भदोही के रमेश भवरा, लक्ष्मी रागिनी, विनय मधुकर एवं श्रीराम तथा मीरजापुर के रवि किशन, काजल एवं राम लखन द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



