दैनिक समाज जागरण 09.04.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर
पूर्वी सिंहभूम जिले में झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा 2026 का आयोजन आगामी 12 अप्रैल (रविवार) को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित 77 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सिदगोड़ा टाउन हॉल में दण्डाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों की महत्वपूर्ण ब्रीफिंग आयोजित की गई।
ब्रीफिंग में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी तथा पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल आनंद और अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षार्थियों का रिपोर्टिंग समय सुबह 07:00 बजे निर्धारित किया गया है। प्रथम पाली की परीक्षा 08:30 बजे से 10:30 बजे तक, द्वितीय पाली 11:30 बजे से 01:30 बजे तक तथा तृतीय पाली 03:30 बजे से 05:30 बजे तक आयोजित होगी। सभी परीक्षार्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्था की गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी के साथ-साथ पेट्रोलिंग दंडाधिकारी, उड़नदस्ता टीम, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा समाप्ति तक अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, डिजिटल डायरी, कैलकुलेटर, पेजर आदि पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा परीक्षार्थियों को लॉग बुक, पुस्तक, नोटबुक, बैग या अन्य कोई सामग्री साथ लाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों पर शांति, विधि-व्यवस्था और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।
परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आयोग द्वारा सभी परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था की गई है। उपायुक्त ने दण्डाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे बायोमेट्रिक डेटा संग्रहण की प्रक्रिया का गहन निरीक्षण करें, ताकि कोई भी परीक्षार्थी उपस्थिति दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
वहीं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बिना फ्रिस्किंग के किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस पदाधिकारी एवं महिला बल द्वारा ही की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहते हुए सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद बनाए रखने का निर्देश दिया।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।



