समाज जागरण
मीरजापुर /हलिया जल जीवन मिशन योजना के तहत बरौंधा क्षेत्र में अब दो सौ एमएम की एचडीपी पाइप लाइन के माध्यम से घर-घर पेयजल आपूर्ति की जाएगी। योजना का कार्य पूर्ण होते ही बरौंधा के सभी मजरों में नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति शुरू हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि बरौंधा बाजार में हर घर नल योजना के तहत पानी न मिलने की समस्या को देखते हुए कार्यदायी संस्था एनसीसी के प्रोजेक्ट मैनेजर सुनील कुमार ने रविवार को स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।उक्त निर्देश के क्रम में सोमवार को जूनियर हाईस्कूल बरौंधा से पंचायत भवन तिराहा तक दो सौ एमएम एचडीपी पाइप बिछाने के लिए जेसीबी द्वारा नाली खुदाई का कार्य शुरू करा दिया गया। पाइप लाइन बिछाने के लिए तेजी से कार्य कराया जा रहा है।
एनसीसी के अवर अभियंता लवकुश प्रसाद मिश्रा ने बताया कि बरौंधा के सभी मजरों में पानी पहुंचाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर घर-घर लगाए गए नल कनेक्शन सुचारु रूप से चालू हो जाएंगे। भीषण गर्मी के दौरान लोगों को पानी के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए दिन-रात कार्य कराया जा रहा है।
गौरतलब है कि बरौंधा बाजार में जलापूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल समेत जिले के उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर समस्या से अवगत कराया था। वहीं भाजपा नेता सौरभ प्रजापति, मंडल महामंत्री मनीष सोनी, मुरारी केशरी, शेरू मोदनवाल तथा लक्ष्मण चौरेसिया सहित अन्य ग्रामीणों ने आधी-अधूरी जलापूर्ति का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रोजेक्ट मैनेजर सुनील कुमार ने रविवार को बरौंधा की विभिन्न बस्तियों का निरीक्षण कर एक सप्ताह के भीतर जलापूर्ति सुचारु कराने का निर्देश दिया था। सोमवार से पाइप लाइन बिछाने का कार्य प्रारंभ होने के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही उनके घरों तक नियमित पानी आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



