google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

बकरीद पर्व को लेकर अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

दैनिक समाज जागरण, संवाददाता

चांडिल : आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को चांडिल अनुमंडल कार्यालय सभागार में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार राय ने की। इस दौरान नवपदस्थापित अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम् गुप्ता भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग शामिल हुए। बैठक के दौरान बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं सामाजिक सौहार्द कायम रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार राय ने कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे, त्याग एवं सामाजिक सद्भाव का प्रतीक पर्व है। सभी लोग प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचें। यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन एवं पुलिस को दें।

नवपदस्थापित अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम् गुप्ता ने भी उपस्थित लोगों से आपसी समन्वय एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है और इसमें आम लोगों की सहभागिता बेहद जरूरी है।

बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस बल की तैनाती, गश्ती अभियान एवं विधि-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की जा रही है। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस को सूचित करें।

बैठक के दौरान अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न अंचल अधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साफ-सफाई, पेयजल, बिजली व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया ताकि पर्व के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


शांति समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में भाईचारा एवं शांति बनाए रखने में वे सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बैठक में पर्व के दौरान जुलूस मार्ग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।
बैठक के अंत में अनुमंडल प्रशासन की ओर से सभी लोगों से प्रेम, भाईचारे एवं आपसी सौहार्द के साथ बकरीद पर्व मनाने की अपील की गई।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)