UPRVUNL इं० अजय कुमार राय बने मुख्य अभियंता, ओबरा तापीय परियोजना में जश्न का माहौल

ब्यूरो चीफ विजय कुमार अग्रहरी/ समाज जागरण

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (UPRVUNL) प्रशासन ने विभागीय पदोन्नति के क्रम में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। ओबरा तापीय परियोजना में तैनात वरिष्ठ अभियंता इं० अजय कुमार राय को उनके उत्कृष्ट सेवा रिकॉर्ड, तकनीकी दक्षता और अटूट कार्यकुशलता के आधार पर मुख्य अभियंता (स्तर-II) (जानपद) के पद पर पदोन्नत किया गया है। विभागीय चयन समिति की संस्तुति पर जारी इस आदेश के अनुसार, इं० अजय कुमार राय वर्तमान में परियोजना के अत्यंत महत्वपूर्ण प्रभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पदोन्नति से पूर्व उनकी भूमिका इस प्रकार थी।


ओबरा (स) (2×660 मेगावाट) यहाँ वे अधीक्षण अभियंता (जानपद) के रूप में जानपद अनुरक्षण मण्डल-द्वितीय (OCCC-2 और CMC-2) का मूल कार्यभार देख रहे थे। ओबरा (ब) परियोजना इसके अतिरिक्त, उनके पास जानपद अनुरक्षण मण्डल-द्वितीय (CMC-II) का भी अतिरिक्त प्रभार था। निगम द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, यह पदोन्नति On-Seat आधार पर की गई है। इसका तात्पर्य है कि श्री राय वर्तमान तैनाती स्थल पर ही मुख्य अभियंता के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि उनकी नियमित तैनाती और नए कार्यक्षेत्र के संबंध में विस्तृत आदेश भविष्य में पृथक रूप से निर्गत किए जाएंगे। पदोन्नति की खबर मिलते ही ओबरा तापीय परियोजना के अधिकारियों और कर्मचारियों में भारी उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में सिविल इंजीनियरों, कर्मचारियों और विभागीय अधिकारियों ने VIP गेस्ट हाउस और उनके कार्यालय पहुँचकर उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट किए और मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की। अपनी इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए इं० अजय कुमार राय ने भावुक होकर सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा जीवन में कड़ी मेहनत और सच्ची लगन से ही सफलता प्राप्त होती है। मैं अपने सभी सहयोगियों को उनके अटूट विश्वास और निरंतर सहयोग के लिए हृदय से धन्यवाद देता हूँ और सभी के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)