समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता
सोनभद्र। मंगलवार को जिले का मौसम अचानक बदल गया। दोपहर बाद चली तेज आंधी, धूल भरी हवाओं और कई क्षेत्रों में हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई। बभनी, दुद्धी, चोपन, ओबरा, रॉबर्ट्सगंज और घोरावल समेत जिले के अधिकांश हिस्सों में मौसम का व्यापक असर देखने को मिला। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।
जानकारी के अनुसार बभनी ब्लॉक क्षेत्र में दोपहर करीब 1:30 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में घने बादल छा गए और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बभनी गांव में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि सांगोबांध, चौना, कोंगा, घघरा और फरीपान सहित आसपास के कई गांवों में हल्की बूंदाबांदी हुई। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान थे। बारिश के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं रॉबर्ट्सगंज, ओबरा, चोपन, दुद्धी और घोरावल क्षेत्रों में तेज हवाओं और धूल भरी आंधी का असर देखने को मिला।
कई स्थानों पर सड़कों पर धूल का गुबार छा गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। हालांकि कुछ समय बाद हालात सामान्य हो गए। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए बिजली विभाग ने एहतियातन कई इलाकों की विद्युत आपूर्ति पहले ही बंद कर दी थी, जिससे किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। आंधी और बारिश का असर केवल लोगों पर ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों पर भी देखने को मिला। तेज हवाएं शुरू होते ही मवेशी और अन्य पशु सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। कई पशुओं ने शेड और पेड़ों की आड़ लेकर खुद को आंधी और बारिश से बचाया। समाचार लिखे जाने तक कहीं से किसी बड़ी जनहानि या गंभीर नुकसान की सूचना नहीं मिली थी, हालांकि कुछ स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटने और मामूली क्षति की खबरें सामने आई हैं।
इस बीच जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में आंधी-तूफान, पेड़ गिरने, जलभराव, बिजली बाधित होने अथवा मौसम से संबंधित किसी अन्य घटना की जानकारी हो तो उसका फोटो अथवा वीडियो प्रशासन के साथ साझा करें। उन्होंने कहा कि प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। जिलाधिकारी ने नागरिकों से सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। प्रशासन जनपदवासियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



