समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के जानीपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक 40 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। जिससे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल बन गया। पुलिस इसे आपसी रंजिश से जुड़ा मामला मान रही है, हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह जानने के लिए गहन जांच जारी है। यह घटना पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरादपुर इलाके की है। रविवार की देर रात अचानक गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग सहम गए। कुछ ही देर में यह स्पष्ट हो गया कि एक महिला को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही जानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की गई। मृतक महिला की पहचान जहानाबाद निवासी 40 वर्षीय माला देवी के रूप में हुई है। माला देवी का मायका जहानाबाद में है।
पुलिस के अनुसार, वह रविवार को अपने मायके से पटना के बभनपुरा इलाके में स्थित ससुराल आई थीं। उनके पति सुबोध शर्मा जानीपुर थाना क्षेत्र के बभनपुरा में एक होटल का संचालन करते हैं। बताया गया है कि माला देवी जिस स्थान पर मृत पाई गईं, वह उनके पति के होटल से लगभग 500 मीटर की दूरी पर था।पुलिस ने माला देवी का शव घटनास्थल से बरामद कर अपने कब्जे में लिया। शव मिलने की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सिटी एसपी पश्चिम भानु प्रताप सिंह और फुलवारी शरीफ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दीपक कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स पटना भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह साफ हो सकेगा कि गोली किस दूरी से मारी गई और मौत के समय की परिस्थितियां क्या थीं। हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जिनमें खोखा, खून के धब्बे और आसपास की गतिविधियों से जुड़े सुराग शामिल हैं।
तकनीकी अनुसंधान के तहत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था और आरोपी किस दिशा में फरार हुआ।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में दुष्कर्म या लूटपाट जैसी किसी घटना के संकेत नहीं मिले हैं। माला देवी के शरीर पर केवल गोली लगने के निशान पाए गए हैं। नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी ने इस मामले को सुलझाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। यह टीम मानवीय और तकनीकी दोनों स्तरों पर अनुसंधान कर रही है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और पारिवारिक संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्या के पीछे के कारणों और आरोपियों का खुलासा किया जाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



