google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

यमुना प्राधिकरण में मदर्सन का ₹1,156 करोड़ का बड़ा निवेश, 8,000 युवाओं को मिलेगा रोजगार

नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देते हुए Samvardhana Motherson International Limited सहित आठ निवेशकों को औद्योगिक भूमि आवंटन के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) सौंपे हैं। इन परियोजनाओं के जरिए कुल ₹3,181.20 करोड़ के निवेश और लगभग 18,126 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है।

कार्यक्रम में यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने निवेशकों को LoI प्रदान किए। इस दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं निवेश प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया समेत अन्य अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।

सबसे बड़ा निवेश Samvardhana Motherson International Limited द्वारा किया जाएगा। कंपनी को सेक्टर-8D में 50 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जहां लगभग ₹1,156 करोड़ के निवेश से ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स निर्माण इकाई स्थापित होगी। इस परियोजना से करीब 8,000 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। यह निवेश यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में ऑटोमोबाइल विनिर्माण को नई मजबूती देगा और प्रदेश को ऑटो कंपोनेंट हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इसके अलावा Balar Marketing Pvt. Ltd. स्मार्ट इलेक्ट्रिकल मैन्युफैक्चरिंग, Triveni Almirah Pvt. Ltd. स्टील फर्नीचर निर्माण, Anondita Healthcare मेडिकल एवं हेल्थकेयर ग्लव्स, Crispy City Foods Pvt. Ltd. और Innovex Products LLP फूड प्रोसेसिंग, A G Organica Pvt. Ltd. कॉस्मेटिक्स एवं पर्सनल केयर उत्पाद तथा Apaar Infratech Private Limited प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) एवं इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स निर्माण क्षेत्र में निवेश करेंगी।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि यमुना प्राधिकरण निवेशकों को पारदर्शी, त्वरित और उद्योग-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं से न केवल औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा और उत्तर प्रदेश विनिर्माण एवं निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत होगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)