समाज जागरण/ मु० हफीज फ़ुलील
अनपरा/सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के डिबुलगंज में एक लापता युवक का शव बाउली में उतराया मिला है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अनपरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को बाउली से बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी गई है। मृतक की पहचान वार्ड 8 बल्लभभाई नगर निवासी अत्रिलाल (25 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रामनरेश भारती के रूप में हुई है। अत्रिलाल शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे घर से निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की और सोशल मीडिया पर भी खोजने की गुहार लगाई थी। रविवार सुबह एक पड़ोसी ने शौच के दौरान बाउली में शव उतराया देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
युवक के परिजनों को जब इस बात की जानकारी मिली, तो वे गहरे सदमे में हैं। अनपरा थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि अत्रिलाल की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



