समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना- जिले के खाजेकलां थाना क्षेत्र के मोगलपुरा टिक्किया टोली मोहल्ले में सोमवार की देर रात लगभग एक बजे एक 22 वर्षीय युवक की चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान टिक्किया टोली निवासी मनोहर लाल के 22 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, सूरज कुमार रात में खाना खाने के बाद घर से टहलने के लिए निकला था। इसी दौरान उसे पर पड़ोसी युवक द्वारा चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार किए जाने की सूचना मिली।
परिजन तुरंत उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही खाजेकलां थाना पुलिस और डीएसपी शिव शंकर कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। डीएसपी शिव शंकर कुमार ने बताया कि हत्या की इस घटना को पड़ोसी युवक आकाश ने अंजाम दिया है। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। थानाध्यक्ष विद्यानंद वर्मा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि घटना से जुड़े अहम सबूत मिल सकें। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे भी इस बारे में फिलहाल कुछ खास नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और मुख्य आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



