google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

भगवान जगन्नाथ रथयात्रा 2026 के आयोजन को लेकर सांसद हिमाद्रि सिंह से हुई सार्थक चर्चा, नागरिकों से सहभागिता की अपील

राजेंद्रग्राम,

राजेंद्रग्राम में आगामी 18 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के सफल एवं भव्य आयोजन के उद्देश्य से सोमवार को माननीय सांसद हिमाद्री सिंह से भेंट कर कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान आयोजन समिति द्वारा रथयात्रा की संपूर्ण योजना से अवगत कराया गया। जानकारी दी गई कि रथयात्रा का शुभारंभ दोपहर 3:00 बजे गायत्री मंदिर, राजेंद्रग्राम से भगवान जगन्नाथ की आरती के साथ होगा। तत्पश्चात हरिनाम संकीर्तन, भक्तों के उत्साहपूर्ण नृत्य एवं महाप्रसाद वितरण के साथ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए दुर्गा मंदिर तक पहुंचेगी।


माननीय सांसद महोदया ने इस पवित्र आयोजन के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए सहभागिता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को आध्यात्मिकता, संस्कृति एवं सद्भावना के सूत्र में बांधने वाला महान उत्सव है। उन्होंने क्षेत्र के समस्त नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार एवं मित्रों के साथ इस दिव्य अवसर में सम्मिलित होकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन एवं कृपा का लाभ प्राप्त करें।


बैठक में इस्कॉन रथयात्रा प्रभारी प्रेमावतार दास , इस्कॉन अनूपपुर केंद्र के प्रभारी पवित्र कृष्ण दास , श्रीमती गीता टांडिया, एच. परस्ते जी, प्रिंस जायसवाल तथा अन्य भक्तगण उपस्थित रहे। सभी ने रथयात्रा को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी और सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।


आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से विनम्र निवेदन किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर हरिनाम संकीर्तन में सहभागी बनें, भगवान जगन्नाथ के दिव्य दर्शन करें तथा महाप्रसाद ग्रहण कर इस आध्यात्मिक उत्सव को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)