श्रद्धालु देर तक भक्ति रस में सराबोर होकर प्रभु भक्ति में लीन रहे
दैनिक समाज जागरण, जिला संवाददाता। ( महेन्द्र जावला बहल )
भिवानी, 2 जून। भिवानी रोड स्थित श्री बालाजी धाम डोभ में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच विशाल सुंदरकांड पाठ, भजन संकीर्तन एवं भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। श्री बालाजी धाम डोभ के संस्थापक प्रधान श्री पुरुषोत्तम दास बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पावन अवसर पर सुन्दरकांड महिला मंडल, आर्य नगर, रोहतक द्वारा श्रीमती रेनू मित्तल जी की अगुवाई में श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया।
सुंदरकांड पाठ के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी के जयकारों के साथ भक्तिमय वातावरण का आनंद लिया। पाठ के उपरांत महिला मंडल द्वारा भव्य भजन संकीर्तन प्रस्तुत किया गया, जिसमें एक से बढ़कर एक सुंदर भजनों का गायन कर भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया गया। श्रद्धालु देर तक भक्ति रस में सराबोर होकर प्रभु भक्ति में लीन रहे।
कार्यक्रम के पश्चात महिला मंडल द्वारा सभी श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर बाबा मुलाचंद मंदिर, आर्य नगर के महंत श्री मदन गोपाल जी विशेष रूप से उपस्थित रहे तथा उन्होंने धर्म, सेवा एवं सत्संग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में महिला मंडल की सदस्यगण, श्री बालाजी धाम के सेवकगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अंत में श्री पुरुषोत्तम दास बंसल ने महिला मंडल, आर्य नगर की समस्त सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी भाईचारे एवं सेवा भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आगामी धार्मिक आयोजनों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



