वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
19 जुलाई। बेलवा पंचायत अंतर्गत मौजा बेलवा काशीपुर की सरकारी जमीन पर भूमाफियाओं द्वारा किए गए अवैध कब्जे को आखिरकार जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए हटा दिया। दैनिक समाचार में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने और ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद प्रशासन हरकत में आया और रविवार को लगभग 5 एकड़ 12 डिसमिल सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा दिया।
मामला किशनगंज प्रखंड के मौजा काशीपुर, थाना संख्या-04, खाता संख्या-174 एवं खेसरा संख्या-808 से जुड़ा है। अपर समाहर्ता द्वारा जमाबंदी रद्द किए जाने के बाद यह भूमि सरकारी खाते में दर्ज थी। इसके बावजूद भूमाफियाओं ने जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर हल चलाया और चाय का बागान तैयार कर लिया था।
ग्रामीणों ने व्हाट्सएप, सोशल मीडिया और लिखित आवेदन के माध्यम से जिला पदाधिकारी से कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत मिलने पर अंचल कार्यालय ने नोटिस जारी किया और प्राथमिकी भी दर्ज कराई। इसके बाद 12 जून 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) ने दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और करीब 100 पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने का संयुक्त आदेश जारी किया था।
हालांकि आदेश जारी होने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी थी। दैनिक समाचार में इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन ने आदेश का अनुपालन सुनिश्चित किया और रविवार को बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान किशनगंज थाना प्रभारी मुकेश कुमार, राजस्व अधिकारी गंगाराम टुडू, अंचल कर्मियों, अमीन तथा करीब 100 पुलिस जवानों की मौजूदगी में अवैध चाय बागान को पूरी तरह उखाड़ दिया गया। साथ ही बांस-बल्ली से की गई घेराबंदी भी हटाकर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त करा लिया गया।
लंबे समय से लंबित इस मामले के समाधान पर ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन की कार्रवाई की सराहना की। लोगों का कहना है कि प्रशासन ने केवल आदेश जारी करने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे जमीन पर लागू कर सरकारी संपत्ति की रक्षा की है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



