google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में चलती थार गाड़ी में लगी आग, बाल बाल बचा सवार

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के दानापुर स्थित सगुना मोड़ के पास मंगलवार की देर रात एक चलती महिंद्रा थार गाड़ी में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। हालांकि, चालक की सतर्कता और अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। यह घटना सगुना पुलिस चौकी के पास देर रात की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार गाड़ी सड़क पर सामान्य रूप से चल रही थी, तभी अचानक वाहन के इंजन की ओर से धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही धुआं तेजी से आग की लपटों में बदल गया। स्थिति को गंभीर होते देख चालक ने तुरंत वाहन रोककर बाहर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही सगुना पुलिस चौकी और अग्निशमन विभाग को तत्काल दिया गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दो दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उनकी तत्परता के कारण आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों और दुकानों को आग से बचा लिया गया, जिससे संभावित बड़ा नुकसान टल गया। अग्निशमन विभाग के अधिकारी विजय शंकर यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इंजन में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इंजन के भीतर विद्युत प्रणाली में अचानक गड़बड़ी होने से आग लगी, जो तेजी से पूरे वाहन में फैल गई। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। गाड़ी के मालिक हर्ष राज ने भी बताया कि वाहन के इंजन में अचानक आग लग गई थी। उन्होंने कहा कि घटना इतनी अचानक हुई कि कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। हालांकि, उन्होंने राहत जताई कि चालक सुरक्षित है और कोई जनहानि नहीं हुई। इस संबंध में सगुना मोड़ पुलिस चौकी के प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन में आग लगने के सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)