google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना सिविल कोर्ट में विशेष तलाशी अभियान शुरू

न्यायालय को बम से उड़ाने की मिली थी धमकी

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ सिविल कोर्ट को लगातार बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। अदालत परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अब रोजाना सुबह कोर्ट खुलने से पहले विशेष तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा सुबह 7 बजे से लेकर अदालत के खुलने तक पूरे परिसर की गहन जांच कर उसे पूरी तरह सुरक्षित किया जा रहा है। इस कदम का उद्देश्य किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोकना और न्यायिक कार्य में व्यवधान को समाप्त करना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटना सिविल कोर्ट को पिछले कुछ समय से लगातार धमकी भरे ईमेल मिल रहे हैं, जिनमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई है। इन धमकियों को गंभीरता से लेते हुए आतंकवाद निरोधी दस्ता ने अपने स्तर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस मामले की निगरानी उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी द्वारा की जा रही है और आरोपियों की पहचान करने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। टाउन उपाधीक्षक राजेश रंजन ने बताया कि धमकी देने वालों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा तकनीकी सहायता ली जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में संबंधित थानों की मदद से ईमेल के स्रोत और संदिग्ध व्यक्तियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि दो से तीन बार फिर से धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए हैं, लेकिन पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पिरबहोर थाना की पुलिस की मौजूदगी में रोजाना सुबह अदालत परिसर की विस्तृत तलाशी ली जा रही है। तलाशी अभियान पूरा होने के बाद परिसर की सुरक्षा वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को सौंप दी जाती है। साथ ही, सुरक्षा कर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति और सामान की गहन जांच सुनिश्चित करें।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)