हाई स्कूल के नवीनीकरण के लिए किया समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर
समाज जागरण रंजीत तिवारी
वाराणसी।।।
शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, अवादा फाउंडेशन ने आज श्री जवाहर हाई स्कूल, कोट दादरी, नोएडा के जीर्णोद्वार के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। यह पहल विद्यालय के जर्जर परिसर में पढ़ने वाले सैकड़ों बच्चों के लिए एक नई उम्मीद लेकर आई है।
इस परियोजना के तहत, फाउंडेशन छह पुरानी कक्षा-कक्षों का पुनर्निर्माण, नए टॉयलेट सुविधाओं का निर्माण, एक आधुनिक वाटर स्टेशन की स्थापना और पूरे परिसर का रंगरोगन और सोलर पैनल स्थापित कराएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों के सीखने के अनुभव को बेहतर बनाने और उन्हें सुरक्षित तथा प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करना है।
एम ओ यू का आदान-प्रदान निदेशक श्रीमती ऋतू पटवारी और विद्यालय कमेटी के सदस्य प्रोफेसर श्री सुनील शर्मा के बीच हुआ। इस अवसर पर गाँव के गणमान्य व्यक्ति, प्रबंधक ओम प्रकाश , ग्राम प्रधान शोरज सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री धर्मेंद्र नागर, और अवादा फाउंडेशन के सी एस आर मैनेजर श्री महेश कुमार माथुर सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।
इस अवसर पर, निदेशक श्रीमती ऋतू पटवारी ने कहा, “हमारा मानना है कि समाज की असली प्रगति उसकी आने वाली पीढ़ी की शिक्षा पर निर्भर करती है। यह परियोजना केवल भवनों का नवीनीकरण नहीं, बल्कि उन बच्चों के आत्मविश्वास और सपनों को नई रोशनी देने का प्रयास है जो हर दिन यहाँ सीखने आते हैं।”
अवादा फाउंडेशन उत्तर प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इसके तहत, फाउंडेशन मथुरा में तीन विद्यालयों का जीर्णोद्वार करके वहाँ स्पोकन इंग्लिश कक्षाएं, कंप्यूटर कक्षाएं और अन्य शैक्षिक कार्यक्रम चला रहा है। इसके अतिरिक्त,फाउंडेशन प्रधानमंत्री द्वारा गोद लिए गए वाराणसी के गाँव जयापुर में भी विद्यालय के लिए कोचिंग सेंटर, कंप्यूटर सेंटर और निःशुल्क कोचिंग सेंटर संचालित कर रहा है।
यह हस्ताक्षर समारोह स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के बेहतर भविष्य के प्रति एक गहन प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



