दैनिक समाज जागरण रिपोर्ट पंकज भगत (स्टोरी)
पाकुड़ जिले में नए साल 2023 के आगमन को लेकर जिले वासियों में उत्साह चरम पर है। नए साल में पिकनिक व सैर सपाटे के लिए जिले के पिकनिक स्पॉट सज धज कर तैयार है। जहां हरेक साल लोग अपने परिवार के साथ जाकर नए साल की शुरूआत करते हैं। पाकुड़ शहर के बीचों-बीच स्थित सिद्धों-कान्हू मुर्मू पार्क सैलानियों के आकर्षण का केंद्र रहा है। सिद्धों-कान्हू मुर्मू पार्क के एक छोर में स्थित मार्टिलों टॉवर है। इसकी स्थापना 1857 ई. हुई थी। ब्रिटिशकाल में अंग्रेजों ने मार्टिलों टॉवर को बनाया था। इसे ब्रिटिश शासक पालुर ने अपने साम्राज्य को संथाल योद्धाओं से बचाने के लिए बनवाया था। संथाल योद्धाओं ने अंग्रेजों को भारत से बाहर निकालने के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया था। इसके अलावे जिला मुख्यालय के लोगों का पसंदीदा पिकनिक स्थल शहर कोल स्थित लड्डुबाबू आम बगान है। अमड़ापाड़ा: प्राकृतिक विहार प्रखंड सहित जिल वासियों का पसंदीदा पिकनिक स्पॉट है।
यहां के बांसलाई नदी में भी बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ पहुंचते हैं और पिकनिक का मजा उठाते हैं। नए साल पर सैलानियों के स्वागत के लिए यह पार्क तैयार है। पाकुड़िया और गोपीकांदार प्रखंड की सीमा पर स्थित तिरपितिया नदी पर चट्टानों से घिरा घाघर जलप्रपात सैलानियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। प्रतिवर्ष नये साल के आगमन पर एक जनवरी को यहां भारी भीड़ उमड़ती है और लोग यहां जमकर वनभोज का लुत्फ उठाते हैं। इसके अलावा पाकुड़िया प्रखंड के सीतपुर स्थित गरम कुंड का झरना,
दुर्गापुर डैम, तिरपितिया नदी आमकोना घाट यहां के प्रमुख पिकनिक स्पॉट है।
महेशपुर: नए साल पर सभी वर्ग के लोगों में पिकनिक मनाने को लेकर उमंग देखा जा रहा है। प्रखंड मुख्यालय के फोटकाडंगा गांव के समीप स्थित पहाड़ी तथा वृक्षों की झुरमुट और पत्थरों के बीच परिवार के सदस्यों के साथ पिकनिक मनाने का एक अलग ही आनंद है। शायद यही वजह है कि लोग अपने- अपने परिवार के संग पिकनिक मनाने इस रमणीक स्थल पर पहुंचते हैं। पिकनिक स्थल से थोड़ी दूरी पर बांसलोई नदी की बहती कल-कल जलधारा पिकनिक मनाने वाले की उत्साह को दुगुना कर देती हैं। इस पिकनिक स्थल पर बच्चों के लिए खेलने तथा मौज मस्ती करने के लिए खुली जगह होने के कारण भी पसंदीदा पिकनिक स्पॉट माना जाता है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



