समाज जागरण रंजीत तिवारी
रामेश्वर वाराणसी।।
सेवापुरी विकासखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय नहवानीपुर में सोमवार को स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली प्राथमिक विद्यालय और समाज उत्थान सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई।
रैली में बच्चों ने रंग-बिरंगे बैनर और पोस्टर लेकर मार्च किया। उन्होंने ‘हर बच्चा स्कूल जाए’ और ‘पापा सुन लो विनय हमारी, पढ़ने की उम्र हमारी’ जैसे नारे लगाए। बैनरों पर ‘शिक्षा है अधिकार हमारा’ जैसे संदेश लिखे हुए थे।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गरीब, शोषित और अति वंचित परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना है। विशेष रूप से नट, मुसहर और धरिकार समुदाय के बच्चों पर ध्यान केंद्रित किया गया है। रैली के दौरान कुछ स्थानों पर शिक्षा सभा का आयोजन भी किया गया। संस्था के कार्यकर्ताओं ने नट बस्ती में स्थानीय लोगों से संवाद किया।
रैली में विद्यालय के प्रधानाध्यापक चक्रधर चंद्र चौबे और अन्य शिक्षक मौजूद रहे। समाज उत्थान सेवा समिति की टीम से अनिल कुमार, प्रीति और रूपा ने भी रैली में सक्रिय भागीदारी की।



