सोनभद्र ब्यूरो चीफ/ समाज जागरण
राबर्ट्सगंज। छात्र हित की बात करने वाली अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने पीड़ित छात्र को नया दिलाने के लिए एकजुट होकर कमर कस ली है और कार्यकर्ताओं ने आरोपी रॉबर्टसगंज स्थित जयपुरिया स्कूल के प्रधानाचार्य के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानाचार्य का पुतला फूंका। यह प्रदर्शन कक्षा 12वीं के एक छात्र की कथित बर्बरपूर्ण पिटाई और उसे स्कूल से निष्कासित किए जाने के विरोध में किया गया। एबीवीपी ने प्रधानाचार्य को तत्काल निलंबित करने और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एबीवीपी के संयोजक सौरभ सिंह ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 25 तारीख को स्कूल के कक्षा 12वीं के छात्र यश जायसवाल पर पहले प्रैक्टिकल फाइल खरीदने और फिर फीस जमा करने का दबाव बनाया गया। छात्र ने फीस जमा करने की बात कही थी। आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाचार्य सचिन चौधरी ने छात्र की बुरी तरह पिटाई की और अन्य बच्चों के सामने अपशब्द कहे। पिटाई के कारण छात्र बार-बार बेहोश हो गया और वर्तमान में मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। सौरभ सिंह ने बताया कि स्कूल प्रशासन उनसे बात करने से कतरा रहा है और बहाने बना रहा है। एबीवीपी ने घटना के दिन का सीसीटीवी फुटेज मांगा है, लेकिन स्कूल प्रशासन बच्चे के प्रताड़ित होने का सबूत मांग रहा है। विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जिला भर में उग्र आंदोलन करेंगे। एबीवीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि स्कूल प्रशासन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देता है, तो वे अगला कदम उठाते हुए पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेंगे। प्रदर्शन का नेतृत्व विभाग संयोजक सौरभ सिंह ने किया, इस दौरान प्रांत कार्यसमिति सदस्य अनमोल सोनी, पूर्व जिला संयोजक मृगांक दुबे, आशुतोष मोदनवाल, नगर मंत्री चूर्क आदर्श, नगर सह मंत्री राज सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, सिद्धार्थ, उत्तम, सक्षम, अनुराग, शिवम, कृष व कार्यकर्ता मौजूद रहें।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



