माले ने किया बुलडोज़र राज के ख़िलाफ़ संघर्ष तेज़
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पालीगंज/ प्रखंड मुख्यालय पर मंगलवार को भाकपा (माले) के आह्वान पर भूमिहीन परिवारों के हक़ में ज़ोरदार आंदोलन हुआ। हाल ही में अख़बारों में प्रकाशित तथाकथित ‘अतिक्रमण-मुक्त’ गाँवों की सूची ने दशकों से बसे ग़रीब परिवारों में दहशत फैला दी है।आंदोलन को संबोधित करते हुए पालीगंज विधायक संदीप सौरभ ने कहा कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था और पुनर्वास के बुलडोज़र चलाना पूरी तरह अमानवीय है। यह संविधान में दिए गए सम्मानपूर्वक जीवन के अधिकार पर सीधा हमला है। सरकार ने भूमिहीनों को 5-5 डिसिमल ज़मीन देने की घोषणा की थी,
लेकिन न ज़मीन मिली और न बंदोबस्त अब उल्टे ग़रीबों को उजाड़ने की साज़िश की जा रही है। भाकपा (माले) इस गरीब-विरोधी ‘बुलडोज़र राज’ का डटकर प्रतिरोध करेगी और बिना बसाए किसी को उजाड़ने नहीं देगी। भाकपा (माले) नेता अनवर हुसैन ने कहा कि सरकार की यह नीति ग़रीबों को डराने और बेघर करने की साज़िश है, जिसे हम किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देंगे। वहीं पार्टी नेता सह पालीगंज मुखिया संघ के प्रखण्ड अध्यक्ष आनंद यादव ने कहा कि भूमिहीन परिवार वर्षों से सरकारी ज़मीन पर बसे हैं, अब अचानक उन्हें हटाने की कोशिश अन्यायपूर्ण है। इसके ख़िलाफ़ संघर्ष और तेज़ किया जाएगा। आंदोलन में बड़ी संख्या में भूमिहीन परिवार, पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए और सरकार से इस गरीब-विरोधी नीति को तत्काल वापस लेने की माँग की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



