समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार की रात पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध रूप से बालू लादकर परिवहन किए जा रहे कुल छह ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि रात के अंधेरे में नदी और आसपास के इलाकों से अवैध बालू खनन कर ट्रैक्टरों के माध्यम से उसका परिवहन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पालीगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम गठित की और चिन्हित स्थानों पर छापेमारी की।
मौके से चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गए, जबकि सभी ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना लाया गया। वही पालीगंज थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि अवैध बालू खनन और परिवहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा की वरीय अधिकारियों के निर्देश पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अवैध बालू से लदे छह ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं तथा संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। थानाध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध खनन से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचता है और कानून व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में आम लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध बालू खनन या परिवहन की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



