आदमपुर की जीत सरकार की नीतियों व कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम : कैप्टन भूपेन्द्र


जनता ने मुख्यमंत्री को पकड़वाया भव्य का हाथ, अब तेज होंगे विकास कार्य

हिसार/हरियाणा (राजेश सलूजा) :
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेन्द्र वीरचक्र ने आदमपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पार्टी की नीतियों की जीत व कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए उपचुनाव में की गई मेहनत पर उनका आभार जताया है।
भाजपा जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेन्द्र, वीरचक्र कहा कि आदमपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता ने इस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार की नीतियों व ओमप्रकाश धनखड़ के नेतृत्व में पार्टी संगठन के कार्यों पर मुहर लगाई है। विपक्ष ने तरह—तरह की बातें करके आदमपुर की जनता को गुमराह करने का प्रयास किया लेकिन आदमपुर की जनता ने किसी तरह के बहकावे में आने की बजाय मुख्यमंत्री के उस ऐलान पर गौर किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भव्य का हाथ मुझे पकड़वा दो। आदमपुर की जनता ने मुख्यमंत्री को भव्य का हाथ पकड़वा दिया है और अब वह दिन दूर नहीं जब मुख्यमंत्री मनोहर लाल आदमपुर क्षेत्र को विकास कार्यों में अग्रणी बना देंगे।
कैप्टन भूपेन्द्र, वीरचक्र ने कहा कि उपचुनाव में जीत के लिए पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पार्टी संगठन के निर्देशानुसार दिन—रात एक करके मेहनत की। उनकी यह मेहनत रंग लाई और भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। उन्होंने चुनाव के दौरान कड़ी मेहनत करने पर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आभार जताया और कहा कि उन्होंने पार्टी के कार्यक्रमों में सदैव बढ़—चढ़कर काम किया है और जिले को अग्रणी रखा है।
पार्टी जिला मीडिया प्रमुख राजेन्द्र सपड़ा ने कहा कि आदमपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई की जीत से पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में नये जोश का संचार हुआ है। उपचुनाव के इस नतीजे ने वर्ष 2024 के आम चुनावों की तस्वीर पेश कर दी है और अब कहा जा सकता है कि आम चुनावों के बाद तीसरी बार भाजपा की सरकार बनना तय है।