समाज जागरण संवाददाता — कुलदीप सिंह
लखीमपुर खीरी।
बृहस्पतिवार को अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन, सुजीत पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा के साथ थाना पलिया का औचक निरीक्षण किया। आगमन पर सलामी गार्द द्वारा उन्हें सलामी दी गई।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने सम्पूर्ण थाना परिसर का भ्रमण कर कार्यालय, मालखाना, हवालात, मेस, बैरक, कंप्यूटर कक्ष आदि का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर एवं कार्यालय में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस दौरान अपराध रजिस्टर, न्यायालय आदेश पुस्तिका, कुर्की रजिस्टर, सम्मन रजिस्टर, गुंडा रजिस्टर, समाधान दिवस एवं सम्पूर्ण समाधान दिवस रजिस्टर, महिला उत्पीड़न रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, बीट सूचना रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का गहन अवलोकन किया गया। अपर पुलिस महानिदेशक ने सभी रजिस्टरों को सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
महिला संबंधी अपराधों पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने त्वरित कार्रवाई कर मामलों का विधिक एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थाने में लंबित विवेचनाओं को दोष के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने पर भी बल दिया गया। साथ ही महिला हेल्प डेस्क एवं मिशन शक्ति केंद्र की समीक्षा करते हुए महिला पुलिस कर्मियों को फरियादियों से संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस महानिदेशक ने किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करने, मुकदमों से संबंधित माल मुकदमाती एवं थाना परिसर में खड़े वाहनों के विधिक निस्तारण तथा अपराध नियंत्रण के लिए नियमित एवं प्रभावी गश्त के निर्देश दिए। रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, संदिग्धों पर नजर रखने तथा प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले व सुनसान क्षेत्रों में पैदल गश्त व एंटीरोमियो टीम के माध्यम से निरंतर भ्रमण कर शोहदों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के उपरांत अपर पुलिस महानिदेशक ने थाना परिसर में अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ गोष्ठी कर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कस्बा क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी पूरी सक्रियता से कार्य करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) अमित राय, सहायक पुलिस अधीक्षक खीरी/क्षेत्राधिकारी सदर विवेक तिवारी, क्षेत्राधिकारी पलिया जितेन्द्र सिंह परिहार, थानाध्यक्ष पलिया सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



