google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

आदित्यपुर की दो कंपनियों में लाखों की चोरी, औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा पर उठे सवाल

आरआईटी थाना पहुंचकर उद्यमियों ने की शिकायत, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच और जल्द कार्रवाई की मांग

अभय कुमार मिश्रा | ब्यूरो चीफ, कोल्हान

समाज जागरण | सरायकेला-खरसावां (झारखंड)। आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के फेज-1 में दो कंपनियों में एक साथ चोरी की घटनाओं से उद्यमियों में चिंता बढ़ गई है। चोरों ने पारा माउंट ऑटोमेशन प्राइवेट लिमिटेड और यूनिक मेटल कंपनी को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान और उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया। घटनाओं के बाद उद्यमियों ने आरआईटी थाने पहुंचकर पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की।

सिंहभूम इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (सिया) के अध्यक्ष संतोष सिंह और महासचिव उदय सिंह के नेतृत्व में कंपनी मालिकों एवं अन्य उद्यमियों ने थाना प्रभारी रविकांत पराशर से मुलाकात कर घटनाओं की जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार, पारा माउंट ऑटोमेशन से बिजली के मोटर, ग्राइंडर, तार और केबल सहित अन्य सामान चोरी हुआ है। वहीं, यूनिक मेटल कंपनी से चार कर्मचारियों के मोबाइल फोन, वोल्टमीटर, माइक्रोमीटर और अन्य उपकरण गायब हैं।

सीसीटीवी फुटेज से खुलासे की उम्मीद

दोनों कंपनियों में चोरी की घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। पारा माउंट ऑटोमेशन में हुई चोरी में तीन पूर्व कर्मचारियों की संलिप्तता की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

एक ही औद्योगिक क्षेत्र की दो कंपनियों में चोरी से उद्यमियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस से संदिग्धों की पहचान करने, चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)