google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

आखिर कहां गईं रोडवेज की 9 बसें! ड्राइवर-कंडक्टर भी गायब

आगरा। ताजनगरी के फाउंड्री नगर की 9 रोडवेज बसें मंगलवार से गायब हैं। उन्हें डिपो से मथुरा मेले के लिए भेजा गया था। चालक-परिचालक गाड़ियों को मैनपुरी ले गए। इसके बाद बस और चालक परिचालकों का कोई सुराग नहीं है। परिचालक की ईटीएम (इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन) एयरप्लेन मोड पर और बस का जीपीएस बंद है। इससे निगम को अपनी गाड़ियों की लोकेशन प्राप्त नहीं हो रही है। हालांकि चालक और परिचालक का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ है। इसलिए अधिकारियों को चालक-परिचालकों पर शक है। मंगलवार सुबह फाउंड्री नगर की मैनपुरी रोड पर चलने वाली 9 बसों को गोवर्धन मेले के लिए मथुरा भेजा गया। डिपो से उन्हें ड्यूटी स्लिप भी दी गई। परिचालकों ने डिपो से ड्‌यूटी स्लिप तो ली, लेकिन मथुरा के स्थान पर मैनपुरी को सवारी भरकर रवाना हो गए। इसके बाद से 9 गाड़ियां निगम के रडार से गायब हैं। निगम के अधिकारियों में अफरातफरी है। लेकिन मुड़िया मेले में व्यस्त होने से बसों को खोजने का अन्य तरीका नहीं निकाल पा रहे हैं। वह चालक-परिचालक के लौटने का इंतजार कर रहे हैं। गोवर्धन मेला में आगरा के 6 रोजन की एक हजार बसों के संचालन के कारण अन्य मार्गों पर बसों की कमी हो गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 आगरा-दिल्ली पर तो आधा घंटे से अधिक समय तक बस का इंतजार करना पड़ रहा है। कुछ ऐसा ही हाल फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, इटावा, एटा, हाथरस, वाह, धौलपुर, फतेहपुर सीकरी, फतेहाबाद समेत अन्य लोकल मार्गों पर है। फाउंड्री नगर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक दिनेश यादव का कहना है कि आलाधिकारियों को घटना के बारे में बता दिया गया है। बसों का जीपीएस बंद है। गाड़ियों के बारे में पता लगाया जा रहा है। अभी कोई सुराग नहीं लगा है। वहीं क्षेत्रीय प्रबंधक का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है। सहायक प्रबंधक से मामले की जानकारी ली जाएगी।

प्रमोद कुशवाह की रिपोर्ट


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)