कल उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होगा चार दिवसीय छठ महापर्व : डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा
नोएडा। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर नोएडा के सेक्टर-75 स्थित सेंट्रल पार्क में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को हजारों छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पूरा छठ घाट छठी मैया के पारंपरिक गीतों और सूर्योपासना से भक्तिमय हो उठा।
श्री सूर्यदेव पूजा समिति, नोएडा के अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि कार्तिक शुक्ल पक्ष षष्ठी तिथि को छठव्रतियों ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ भगवान सूर्यदेव की पूजा-अर्चना की। व्रतियों ने बांस के सूप में ठेकुआ, लड़ुआ, बताशा, बद्धी, सिंदूर, पान, अगरबत्ती और विभिन्न प्रकार के मौसमी फलों को सजाकर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की गई।
छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों के साथ उनके परिवार के सदस्य भी पूजा-अर्चना में शामिल हुए। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और श्रद्धालुओं की आस्था ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर श्री सूर्यदेव पूजा समिति के अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा, संयोजक ओपी तिवारी, महासचिव राजीव त्यागी, कोषाध्यक्ष प्रभात कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर, सहसंयोजक राकेश श्रीवास्तव, ब्रजेश शर्मा, हीरालाल यादव, मनीष यादव, डॉ. भारतेंदु कुमार, मल्लिकेश्वर झा, सीए निशांत कुमार, ज्ञानेश मिश्रा, अनमोल सिंह, अनुराग श्रीवास्तव, आनंद सक्सेना और अतुल जैन सहित हजारों छठव्रती एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कल उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा समापन
डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि सोमवार की सुबह कार्तिक शुक्ल पक्ष सप्तमी तिथि को छठव्रती उदीयमान भगवान सूर्यदेव को प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद विधि-विधान से पारण किया जाएगा। पारण के साथ ही चार दिवसीय सूर्योपासना के महान छठ महापर्व का विधिवत समापन हो जाएगा।
भारतीय संस्कृति और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक है छठ
अखिल भारतीय प्रवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने कहा कि भगवान सूर्यदेव की उपासना का यह महान पर्व वर्ष में दो बार चैत्र और कार्तिक मास में मनाया जाता है। बिहार, पूर्वांचल, झारखंड और पश्चिम बंगाल सहित देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों में रहने वाले प्रवासी भारतीय भी इसे पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाते हैं।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का अनुपम प्रतीक है। यह पर्व हमें सूर्यदेव के प्रति आस्था व्यक्त करने के साथ-साथ प्रकृति एवं पर्यावरण के संरक्षण का संदेश भी देता है।
अंत में डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने सभी छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए भगवान सूर्यदेव और छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं आरोग्य की कामना की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



