लोकगीतों और छठी मैया के जयकारों से गूंजा कम्युनिटी सेंटर परिसर, आरडब्ल्यूए और छठ पूजा समिति के संयुक्त आयोजन में दिखी सामाजिक एकता
नोएडा। लोक आस्था, भक्ति और भारतीय संस्कृति के महापर्व छठ के अवसर पर नोएडा के सेक्टर-105 स्थित कम्युनिटी सेंटर में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। आरडब्ल्यूए कार्यकारिणी समिति एवं छठ पूजा समिति, सेक्टर-105 के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को संध्या अर्घ्य अर्पित किया।
इस दौरान पारंपरिक छठ गीतों ‘दर्शन दीनानाथ, अरघ के बेर बा…’ और ‘काँच ही बाँस के बहंगिया…’ की मधुर धुनों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। गन्ने के मंडप, पारंपरिक सूप-दउरे में सजे फल, ठेकुआ और पूजा सामग्री के बीच छठव्रतियों ने विधि-विधान से भगवान सूर्यदेव की आराधना की। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और समाज में सुख-शांति एवं सौहार्द की कामना की।
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर की सुख-समृद्धि की कामना
सायं चार बजे से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और महिलाएं शामिल हुईं। छठव्रतियों ने पवित्र जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को प्रथम अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मैया और भगवान भास्कर के जयकारों से पूरा सेक्टर गूंज उठा।
आयोजन के दौरान पारंपरिक पूजा पद्धति, लोकगीतों और श्रद्धालुओं की सहभागिता ने छठ महापर्व की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। पूजा-अर्चना के साथ महाप्रसाद वितरण भी किया गया।
महानगर में भी जीवंत हैं सांस्कृतिक परंपराएं
आयोजन के माध्यम से सेक्टर-105 के निवासियों ने यह संदेश दिया कि आधुनिक महानगरीय जीवनशैली के बीच भी भारतीय लोक परंपराएं और सांस्कृतिक जड़ें पूरी तरह जीवंत हैं। सामूहिक पूजा, पारंपरिक लोकगीतों और सेवा भाव ने इस आयोजन को सामाजिक समरसता का प्रतीक बना दिया।
आरडब्ल्यूए और छठ पूजा समिति के सदस्यों का रहा विशेष योगदान
इस आयोजन को सफल बनाने में सेक्टर-105 कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रे, महासचिव राजीव दुबलिश, उपाध्यक्ष रानी गौतम, कोषाध्यक्ष सुरेश बंसल, संयुक्त सचिव अनिल भदौरिया तथा कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्य उमेश माथुर, महेश चौहान और नवीन पालीवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं छठ पूजा समिति की ओर से अभिषेक पांडे, विवेक पांडे और प्रभात रंजन सहित सेक्टर के तमाम निवासियों ने आयोजन में सहयोग दिया। श्रीमती पूजा शर्मा की सहभागिता और समर्पण की भी सराहना की गई।
इस अवसर पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रे ने छठव्रतियों के कठिन व्रत, तपस्या और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि सेक्टरवासियों के अटूट विश्वास, आपसी अपनत्व और सामूहिक सहभागिता की शक्ति से सेक्टर-105 एक आदर्श परिवार के रूप में स्थापित हो रहा है। उन्होंने छठी मैया और भगवान भास्कर से सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि बनाए रखने की कामना की।
चार दिवसीय छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को छठव्रती उदीयमान भगवान सूर्यदेव को प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद पारण के साथ महापर्व का विधिवत समापन होगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



