फेस-2 पुलिस की कार्रवाई में गोल्ड फ्लैक और कैप्स्टन के नाम पर हो रही धोखाधड़ी का खुलासा, असली पैकेट में नकली सिगरेट भरकर दुकानदारों को बेचते थे आरोपी
नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना फेस-2 पुलिस ने नकली सिगरेट को असली ब्रांड के डिब्बों में पैक कर बाजार में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से सिगरेट के खाली डिब्बे, खुला तंबाकू, तैयार सिगरेट, पैकिंग करने वाली तीन मशीनें और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को थाना फेस-2 पुलिस ने स्थानीय खुफिया सूचना और बीट पुलिसिंग की मदद से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पुस्ता रोड, ककराला के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप पुत्र धर्मवीर सिंह निवासी वीआईपी होम्स, रोजा जलालपुर, थाना बिसरख और संदीप उर्फ संजीव उर्फ सन्नी पुत्र महावीर सिंह निवासी गांव गढ़ी चौखंडी, थाना फेस-3 के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बुलंदशहर जिले के रहने वाले हैं।
ऐसे तैयार करते थे नकली सिगरेट
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तंबाकू को सिगरेट में भरकर उसे असली ब्रांड की खाली डिब्बियों में पैक करते थे। इसके लिए विशेष मशीनों का इस्तेमाल किया जाता था। मशीन से पैकेट को दोबारा रैप कर इस तरह तैयार किया जाता था कि वह असली उत्पाद जैसा दिखाई दे। इसके बाद इन नकली सिगरेटों को छोटे दुकानदारों को असली बताकर बेच दिया जाता था और मुनाफा कमाया जाता था।
भारी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3500 गोल्ड फ्लैक और 1440 कैप्स्टन की खाली डिब्बियां बरामद की हैं। इसके अलावा 700 ग्राम खुला तंबाकू, गोल्ड फ्लैक ब्रांड की 128 सिगरेट, कैप्स्टन ब्रांड की 57 सिगरेट और पैकेट रैप करने वाली तीन मशीनें बरामद हुई हैं। माल की सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही टोयोटा ग्लैंजा कार भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
इस मामले में थाना फेस-2 में मुकदमा अपराध संख्या 535/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 349 तथा ट्रेड मार्क अधिनियम की धारा 104 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर गिरोह के मुख्य आरोपी और अन्य सदस्यों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी संदीप उर्फ संजीव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में बुलंदशहर के पहासू थाने में लूट, बरामदगी, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से नकली ब्रांडेड सिगरेट के कारोबार में शामिल गिरोह का खुलासा हुआ है। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपियों द्वारा तैयार की गई नकली सिगरेट की सप्लाई किन-किन दुकानों और क्षेत्रों में की जा रही थी।
मीडिया सेल
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



