: बेजुबानों को बचाने के इंसान आगे आएं: अशोक भारद्वाज
दैनिक समाज जागरण, जिला संवाददाता। ( महेन्द्र जावला बहल )
भिवानी। उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी, नौतपा और हीट वेव के चलते सामाजिक संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृति सेवा समिति एवं श्री बालाजी कोचिंग सेंटर द्वारा भिवानी शहर में बेजुबान पशु-पक्षियों की सुरक्षा को लेकर विशेष दाना-पानी एवं जीव-जंतु संरक्षण अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत हनुमान ढाणी स्थित प्राचीन बावड़ी में परिंदों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर शिक्षाविद मास्टर कपिल वर्मा एवं भारत सरकार से राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने कहा कि नौतपा और हीट वेव के कारण लगातार तापमान बढ़ रहा है, जिससे इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों का जीवन भी प्रभावित हो रहा है। ऐसे समय में समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व बनता है कि वह बेजुबान जीवों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करे।
उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा शहर में 101 स्थानों पर मिट्टी के स्कोरे रखकर परिंदों के लिए पानी और दाना उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के अंतर्गत अब तक 31 स्थानों पर यह व्यवस्था की जा चुकी है तथा नौतपा अवधि के दौरान 101 स्थानों पर यह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपने घरों, दुकानों और मोहल्लों में मिट्टी के बर्तन अथवा स्कोरे रखकर पक्षियों के लिए स्वच्छ पानी और दाना अवश्य रखें, ताकि भीषण गर्मी में उन्हें राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं की रक्षा करना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर “हर घर हरियाली थीम-2026” की ब्रांड एंबेसडर आरोही भारद्वाज एवं नव्या भारद्वाज ने भी अभियान में भाग लेते हुए स्कोरे रखे और लोगों को पशु-पक्षियों की सेवा के लिए प्रेरित किया। पंकज कुमार ने भी अभियान में सहयोग करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया।
संस्था के इस सामाजिक अभियान की स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है तथा लोग भी इसमें बढ़-चढ़कर सहयोग देने के लिए आगे आ रहे हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



