दैनिक समाज जागरण 27.05.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर
रांची/जमशेदपुर : पोटका विधानसभा क्षेत्र के विकास और पर्यटन, खेल एवं तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। संजीव सरदार ने रांची स्थित मंत्री आवास में झारखंड सरकार के पर्यटन, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान विधायक ने मुक्तेश्वर धाम हरिणा में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध हरिणा मेले को राजकीय मेला घोषित करने की मांग दोहराई और कहा कि इस संबंध में प्रस्ताव पहले ही सरकार को भेजा जा चुका है, जिस पर शीघ्र निर्णय लिया जाना चाहिए।
मुलाकात के दौरान विधायक ने मंत्री को बताया कि मुक्तेश्वर धाम हरिणा में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला हरिणा मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओड़िशा की सांस्कृतिक आस्था का बड़ा केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु चार दिनों तक चलने वाले इस मेले में शामिल होने पहुंचते हैं। श्रद्धालु मंदिर में पूजा-अर्चना करने के साथ-साथ मेले की सांस्कृतिक और पारंपरिक गतिविधियों का आनंद लेते हैं। ऐसे में इस मेले को राजकीय दर्जा मिलने से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विकास होगा और पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार राज्य की संस्कृति, परंपरा और धार्मिक स्थलों के संरक्षण की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार हरिणा मेले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए इसे जल्द राजकीय मेला घोषित करेगी। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने भी इस मांग को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पहल का आश्वासन दिया। बताया गया कि मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं ताकि प्रस्ताव पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई हो सके।
बैठक में पोटका क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों और बेहतर खेल मैदानों के अभाव में उन्हें आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिल पाता। उन्होंने पोटका विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्टेडियमों के निर्माण की मांग करते हुए कहा कि यदि युवाओं को बेहतर खेल संरचना उपलब्ध कराई जाए तो क्षेत्र के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
संजीव सरदार ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, स्वास्थ्य और सकारात्मक दिशा देने का महत्वपूर्ण जरिया भी है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए आधुनिक सुविधाओं वाले स्टेडियम और प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जाएं। मंत्री ने इस मांग पर भी सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
इसके अलावा विधायक ने पोटका क्षेत्र में प्रस्तावित राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान की स्थापना का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा आज समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है और ग्रामीण तथा सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को रोजगारोन्मुख शिक्षा से जोड़ना बेहद आवश्यक है। यदि पोटका में पॉलीटेक्निक संस्थान स्थापित होता है तो स्थानीय युवाओं को तकनीकी शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
विधायक ने कहा कि सरकार की सोच केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि युवाओं को शिक्षा, रोजगार, खेल और पर्यटन से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना भी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्री स्तर पर हुई इस सकारात्मक चर्चा के बाद पोटका क्षेत्र को जल्द विकास की नई सौगात मिलेगी।
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने विधायक को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए गंभीरता से काम कर रही है। विशेष रूप से खेल, पर्यटन और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में कई योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोटका क्षेत्र से जुड़े सभी प्रस्तावों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।



