google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

*दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने अमृतपाल सिंह डिब्रूगढ़ से दिल्ली रवाना

शनिवार को पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में तीन घंटे की अनुमति, 22 नवंबर को लौटेंगे डिब्रूगढ़।*
दैनिक समाज जागरण संवाददाता गोरख नाथ गुप्ता तिनसुकिया असम।

खडूर साहिब से निर्दलीय सांसद और ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह को शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल से दिल्ली ले जाया गया। वह शनिवार को पंजाब स्थित अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। अमृतपाल सिंह को दोपहर करीब 12:45 बजे डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल से बाहर निकाला गया।

पंजाब पुलिस के पांच सदस्यीय दल ने उन्हें अपनी सुरक्षा में लिया। इसके बाद उन्हें सात वाहनों के काफिले में डिब्रूगढ़ हवाई अड्डे तक ले जाया गया। काफिले में पंजाब पुलिस के साथ भारी हथियारों से लैस असम पुलिस के जवान और ब्लैक पैंथर कमांडो भी तैनात थे। हवाई अड्डे पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अमृतपाल सिंह करीब 2:40 बजे विमान से दिल्ली के लिए रवाना हुए। सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात उन्हें दिल्ली में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा जाएगा और शनिवार को अमृतसर ले जाया जाएगा। इसके बाद वह दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक जल्लूपुर खेड़ा में अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर का 8 नवंबर को 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उनके परिवार की ओर से अदालत में अनुमति मांगी गई थी। डिब्रूगढ़ में अमृतपाल सिंह की वकील जसबीर कौर ने बताया कि उन्हें शुक्रवार को दिल्ली ले जाया गया है और शनिवार को वह पंजाब में अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमृतपाल सिंह को 22 नवंबर को वापस डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल लाया जाएगा। अमृतसर के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने 17 नवंबर को आदेश जारी कर पंजाब सरकार को निर्देश दिया था कि अमृतपाल सिंह को 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में मौजूद रहने की व्यवस्था की जाए। अदालत ने यह अनुमति मानवीय आधार पर दी है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि इस दौरान अमृतपाल सिंह हिरासत में ही रहेंगे।

इससे पहले 14 नवंबर को अंतिम संस्कार में शामिल होने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन डिब्रूगढ़ से अमृतसर तक उपयुक्त उड़ान और परिवहन की व्यवस्था नहीं हो पाने के कारण यह संभव नहीं हो सका। इसके बाद परिवार ने अदालत का रुख किया, जिसके आधार पर उन्हें 21 नवंबर को तीन घंटे की अनुमति दी गई। अदालत ने अमृतपाल सिंह को 22 नवंबर को अपनी दादी की अस्थियां एकत्र करने व 23 नवंबर को होने वाले श्राद्ध कार्यक्रम में वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे।

कानून-व्यवस्था संबंधी चिंताओं को देखते हुए इन दोनों कार्यक्रमों में उनकी व्यक्तिगत मौजूदगी की अनुमति नहीं दी गई है। उल्लेखनीय है कि अमृतपाल सिंह को अप्रैल 2023 में पंजाब में पुलिस कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया था और बाद में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत हिरासत में लिया गया। हिरासत में रहते हुए उन्होंने 2024 का लोकसभा चुनाव खडूर साहिब सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीता और जुलाई 2024 में सांसद पद की शपथ ली। उनका तीन वर्षीय एनएसए निरुद्धि आदेश अप्रैल 2026 में समाप्त हो गया था, लेकिन अजनाला मामले में वह अब भी जेल में हैं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)