google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

गुम मोबाइल लौटाकर अनूपपुर पुलिस ने जीता भरोसा, अकेले रहने वाली फरियादी के चेहरे पर लौटी खुशी

अनूपपुर। अनूपपुर पुलिस ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और तत्परता से जनता का दिल जीत लिया है। थाना रामनगर पुलिस की मुस्तैदी से गुम हुआ मोबाइल न सिर्फ बरामद हुआ, बल्कि एक ऐसी फरियादी को वापस मिला, जिनके लिए वह मोबाइल उनकी यादों का सहारा था।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी श्रीमती सुधा शर्मा, पत्नी स्वर्गीय हरिश्चंद्र शर्मा, निवासी राजनगर, एसईसीएल हसदेव क्षेत्र के राजनगर सब एरिया ऑफिस में कार्यरत हैं। उनके बच्चे बाहर नौकरी करते हैं और वे यहां अकेले ही निवास करती हैं।


हाल ही में वे पुरी (ओड़िशा) यात्रा पर गई थीं, जहां से लौटते समय दिनांक 04 मार्च 2026 को उनका सैमसंग मोबाइल फोन गुम हो गया। मोबाइल में उनके परिवार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण फोटो और यादगार चीजें थीं, जिससे वे काफी व्यथित हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना रामनगर पुलिस ने बिना समय गंवाए कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी सुमित कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए गुम मोबाइल को शीघ्र ही बरामद कर लिया।


आज मोबाइल को सुरक्षित रूप से फरियादी को सुपुर्द किया गया। मोबाइल हाथ में आते ही श्रीमती शर्मा की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उनके चेहरे पर आई मुस्कान यह बयां कर रही थी कि जैसे उनकी अनमोल यादें उन्हें वापस मिल गई हों।


खुशी के इस मौके पर फरियादी ने थाना रामनगर पहुंचकर थाना प्रभारी सुमित कौशिक एवं उनकी टीम को मिठाई खिलाकर धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि यह मोबाइल उनके लिए एक साधारण उपकरण नहीं, बल्कि उनके परिवार की यादों का खजाना है, जिसे पुलिस के अथक प्रयासों से पुनः प्राप्त किया जा सका।


अनूपपुर पुलिस की इस सराहनीय पहल ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में तत्पर है, बल्कि आमजन की भावनाओं को भी समझती है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)